इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 41वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया। सनराइजर्स हैदराबाद ने जिस लक्ष्य का पीछा किया वह आईपीएल (IPL) के इतिहास में चौथा सबसे बड़ा टारगेट था, लेकिन हेनरिक क्लासेन, ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और सलिल अरोड़ा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर पैट कमिंस की टीम ने इसे हासिल कर लिया।

सनराइजर्स हैदराबाद की जीत ने मुंबई इंडियंस के रयान रिकेल्टन के शतक पर पानी फेर दिया। रयान रिकेल्टन ने 223.64 के स्ट्राइक रेट से 55 गेंद में 10 चौके और 8 छक्के की मदद से नाबाद 123 रन बनाए। रयान रिकेल्टन ने 44 गेंद में अपना शतक पूरा किया और मुंबई इंडियंस के किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

रयान रिकेल्टन से पहले यह रिकॉर्ड सनत जयसूर्या के नाम था। सनत जयसूर्या ने 45 गेंद में अपना शतक पूरा किया था। रयान रिकेल्टन के 123 रन MI के किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। रयान ने IPL के पहले सीजन में सनत जयसूर्या के नाबाद 114 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, रयान रिकेल्टन के लिए शतक की खुशी तब काफूर हो गई, जब बुधवार 29 अप्रैल की रात उनकी टीम हार गई।

इस हार के कारण रयान रिकेल्टन सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा के साथ उस अनचाहे क्लब में शामिल हो गये, जिसमें शतक बनाने के बावजूद उनकी टीम ने हार झेली थी। रयान रिकेल्टन मुंबई इंडियंस के चौथे बल्लेबाज हैं, जिनका शतक टीम के काम नहीं आ पाया। रयान रिकेल्टन से पहले सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, क्विंटन डीकॉक के शतकों पर भी पानी फिर चुका है।

सचिन तेंदुलकर ने 2011 संस्करण में कोच्चि टस्कर्स केरला के खिलाफ शतक लगाया था, लेकिन तब टीम को 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। रोहित शर्मा ने 2024 संस्करण में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शतक लगाया था, लेकिन तब मुंबई इंडियंस 20 रन से हार गई थी। इसी साल क्विंटन डीकॉक ने शतक लगाया, लेकिन पंजाब किंग्स ने सात विकेट से जीत हासिल की थी।

मुंबई इंडियंस की ओर लगा शतक, लेकिन टीम को मिली हार

बल्लेबाजरनगेंदेंचौकेछक्केस्ट्राइक रेटविपक्षी टीममैदानमैच की तिथि
सचिन तेंदुलकरनाबाद 10066123151.51कोच्चि टस्कर्स केरलावानखेड़े स्टेडियम15 अप्रैल 2011
रोहित शर्मानाबाद 10563115166.66चेन्नई सुपर किंग्सवानखेड़े स्टेडियम14 अप्रैल 2024
क्विंटन डीकॉकनाबाद 1126087186.66पंजाब किंग्सवानखेड़े स्टेडियम16 अप्रैल 2026
रयान रिकेल्टननाबाद 12355108223.63सनराइजर्स हैदराबादवानखेड़े स्टेडियम29 अप्रैल 2026

इस बीच, सनराइजर्स हैदराबाद ने दूसरी बार 240 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल किया। इस जीत के बाद सनराइजर्स हैदराबाद IPL में अपनी जीत का शतक पूरा किया। सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल में सौ मैच जीतने (सुपर ओवर में मिली जीत सहित) वाली आठवीं टीम बनी।

IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की यह लगातार पांचवीं जीत थी। आईपीएल में यह पांचवीं बार है, जब सनराइजर्स हैदराबाद ने लगातार पांच या उससे ज्यादा मैच जीते। इससे पहले उसने 2016, 2017, 2018, 2022 संस्करण में लगातार पांच या उससे ज्यादा जीत हासिल की थी। सनराइजर्स हैदराबाद ने 2018 के संस्करण में आईपीएल में लगातार सबसे ज्यादा छह मैच जीते थे।

आईपीएल के इतिहास में अब तक 48 बार 200 या उससे ज्यादा रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया जा चुका है। खास यह है कि इसमें से पिछले चार संस्करण में ऐसा 33 बार हुआ। आईपीएल 2008 से 2022 के बीच 15 बार ही 200 या उससे ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल किया गया।

IPL 2025 के बाद से 200 या उससे ज्यादा के 19 रनचेज में से सिर्फ पांच ही आखिरी ओवर तक गये। मतलब अन्य में 19वें ओवर से पहले ही लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने मैच जीत लिए। खास यह है कि जो पांच मैच 20वें ओवर तक गए भी उनमें से कोई भी 19.3 ओवर से आगे नहीं गया।

आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए शतक लगाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाजरनगेंदेंचौकेछक्केस्ट्राइक रेटविपक्षी टीमनतीजामैदानमैच की तिथि
रयान रिकेल्टननाबाद 123 रन55108223.63सनराइजर्स हैदराबादहारावानखेड़े स्टेडियम29 अप्रैल 2026
सनत जयसूर्यानाबाद 114 रन48911237.5चेन्नई सुपर किंग्सजीतावानखेड़े स्टेडियम14 मई 2008
क्विंटन डीकॉकनाबाद 112 रन6087186.66पंजाब किंग्सहारावानखेड़े स्टेडियम16 अप्रैल 2026
रोहित शर्मानाबाद 109 रन60125181.66कोलकाता नाइट राइडर्सजीताईडन गार्डन12 मई 2012
रोहित शर्मानाबाद 105 रन63115166.66चेन्नई सुपर किंग्सहारावानखेड़े स्टेडियम14 अप्रैल 2024
सूर्यकुमार यादवनाबाद 103 रन49116210.2गुजरात टाइटंसजीतावानखेड़े स्टेडियम12 मई 2023
सूर्यकुमार यादवनाबाद 102 रन51126200सनराइजर्स हैदराबादजीतावानखेड़े स्टेडियम06 मई 2024
तिलक वर्मानाबाद 101 रन4587224.44गुजरात टाइटंसजीताअहमदाबाद20 अप्रैल 2026
सचिन तेंदुलकरनाबाद 100 रन66123151.51कोच्चि टस्कर्स केरलाहारावानखेड़े स्टेडियम15 अप्रैल 2011
लेंडल सिमंसनाबाद 100 रन61142163.93किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स)जीतामोहाली21 मई 2014
कैमरन ग्रीननाबाद 100 रन4788212.76सनराइजर्स हैदराबादजीतावानखेड़े स्टेडियम21 मई 2023

IPL में चौथी बार 240 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल, SRH ने की PBKS की बराबरी

आईपीएल में 200 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल करना न्यू नॉर्मल हो गया है। आईपीएल 2026 में 10वीं बार 200 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल हुआ। दूसरी बार 240 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल हुआ। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)