इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के एक मुकाबले के दौरान राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर (Romi Bhinder) तब विवादों में घिर गए, जब टीवी कैमरों में उन्हें डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए देखा गया। नियमों के तहत मैच के दौरान डगआउट में फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है।
ऐसे में इस घटना ने एंटी-करप्शन प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) ने जांच शुरू कर दी है। अब सभी तथ्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
रोमी भिंडर को IPL में राजस्थान रॉयल्स की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए देखे जाने के मामले का बीसीसीआई (BCCI) ने संज्ञान लिया है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि किसी भी ‘निष्कर्ष’ पर पहुंचने से पहले बोर्ड इस घटना की सच्चाई की जांच करेगा।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने देवाजीत सैकिया के हवाले से कहा, हमें अच्छी तरह से जांच करनी होगी कि यह घटना ठीक कहां हुई और क्या फोन का इस्तेमाल किया गया था। किसी तार्किक निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हम एक आंतरिक जांच करेंगे। किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले हम वीडियो फ़ुटेज की जांच करेंगे और सबूत इकट्ठा करेंगे।
इस घटना का वीडियो सबसे पहले एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने Instagram पर शेयर किया था। शेयर किये गए वीडियो में दावा किया गया कि गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स की छह विकेट से जीत के दौरान रोमी भिंडर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे और उनके बगल में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी बैठे थे।
समाचार एजेंसी को BCCI के एक और पदाधिकारी ने बताया, ‘‘हां, भिंडर ने सचमुच खिलाड़ियों और मैच पदाधिकारियों के क्षेत्र (PMOA) के प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन ले जाना मना है। आईपीएल (IPL) की आधिकारिक वेबसाइट पर PMOA प्रोटोकॉल 2026 से जुड़ा संबंधित नियम कहता है, टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में फोन इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन डगआउट में नहीं।’’
रोमी भिंडर राजस्थान रॉयल्स से उसके शुरू होने के समय से ही जुड़े हुए हैं। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का मानना है कि रोमी भिंडर से यह उम्मीद की जाती थी कि उन्हें भ्रष्टाचार-रोधी प्रोटोकॉल की पूरी जानकारी होगी। रोमी भिंडर को कड़ी जांच का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान उन्हें अपना ‘लोकल गार्जियन’ बताया था।
बीसीसीआई के पदाधिकारी ने बताया, ‘‘यह अनजाने में हो सकता है, लेकिन इस पर कुछ कार्रवाई तो होनी ही चाहिए, क्योंकि यह प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना जाता है। यह चेतावनी होगी या मैच पर बैन, यह मैच रेफरी और ACU की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। उसी आधार पर IPL गर्वनिंग काउंसिल कोई फैसला ले सकती है।’’
वैभव एक मैच में कर रहे कितनी कमाई? पूरे सीजन की फीस के बराबर ऋषभ पंत की एक मैच की सैलरी
वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आईपीएल 2026 में लगातार जादू बिखेर रहा है। सीजन के पहले चार मैचों में ही वैभव ने सुर्खियां बटोरी हैं। अब उनकी कमाई को लेकर भी चर्चा हो रही है। अगर प्लेयर ऑफ द मैच सभी अवॉर्ड्स की कमाई को हटाकर सिर्फ कॉन्ट्रैक्ट और प्रति मैच फीस की बात करें तो वैभव 15 साल की उम्र में मोटी कमाई कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
