इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में लखनऊ सुपर जायंट्स के खराब प्रदर्शन के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ दी है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार (29 मई) एक्स पर खुद इसकी जानकारी दी। लखनऊ इस सीजन 10वें नंबर पर रही। वह सिर्फ 4 मैच ही जीत पाई। आईपीएल के आखिरी मैच के बाद ही संकेत मिल गए थे कि ऋषभ पंत की कप्तानी जाने वाली है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी को फ्रेंचाइजी रिलीज करती है नहीं?

एलएसजी क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा, ‘ऋषभ ने फ्रेंचाइजी से दरख्वास्त की और हमने इसे सम्मानपूर्वक मान लिया है। ये फैसले कभी आसान नहीं होते। हम ऋषभ के आभारी हैं कि उन्होंने कप्तान के तौर पर इस ड्रेसिंग रूम में बहुत योगदान दिया है। हमारा फोकस अब मिलकर सबसे ऊंच मानक तक पहुंचने के लिए रीबिल्डिंग और रीस्ट्रक्चर करना है।’

ऋषभ पंत और लखनऊ सुपर जायंट्स का खराब प्रदर्शन

दिल्ली कैपिटल्स में आठ सीजन के बाद पंत को आईपीएल 2025 से पहले नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27.50 करोड़ रुपये में खरीदा। उम्मीद के मुताबिक उन्हें कप्तान बनाया गया। हालांकि, पहले सीजन में बल्ले से उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने आखिरी मैच में नाबाद 118 रन बनाए, लेकिन पूरे सीजन में सिर्फ 269 रन बना सके। उनकी टीम सातवें नंबर पर रही। इस साल बल्लेबाजी में थोड़ा सुधार हुआ। उन्होंने 13 पारियों में 312 रन बनाए। टीम सिर्फ चार जीत और 10 हार के साथ 10वें नंबर पर रही।

कप्तानी के विकल्प

पंत के कप्तानी छोड़ने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के पास एडेन मार्कराम और निकोलस पूरन कप्तानी के विकल्प हैं। मार्कराम एसए20 में डरबन सुपर जायंट्स और हंड्रेड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की कमान संभालते हैं। पूरन वर्तमान में टीम के उपकप्तान हैं। आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स पहली बार 2022 में खेली। तब केएल राहुल टीम के कप्तान थे। टीम तीन सीजन में दो बार प्लेऑफ में पहुंची और एक बार सातवें नंबर पर रही।

गुजरात-राजस्थान मैच पर बारिश का साया

गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 क्वालिफायर-2 पर बारिश का साया है। न्यू चंडीगढ़ के मौसम की बात करें तो शाम 6.30 बजे से रात 11.30 बजे तक 40 प्रतिशत बारिश की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें