रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाड़ी पिछले साल टीम की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में मारे गए 11 लोगों की याद में इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के मैच से पहले अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। इसके अलावा फ्रेंचाइजी ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें खाली रखने की योजना भी बनाई है।

आरसीबी ने पिछले साल पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के जश्न के लिए चार जून को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया गया था। सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आरसीबी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।

राजेश मेनन ने क्या कहा?

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, ‘मैच वाले दिन खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। मैच के दौरान वे अपनी जर्सी नंबर में ही नजर आएंगे। अभ्यास के दौरान सभी खिलाड़ियों की पीठ पर जर्सी नंबर 11 लिखा होगा। इसके अलावा उस दिन वे अपनी बांह पर काले रंग की पट्टी भी पहनेंगे। हम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 स्थायी सीटें बनाने पर भी विचार कर रहे हैं। ये उन 11 प्रशंसकों के लिए हैं जो हमेशा हमारे साथ रहेंगे।’

आरसीबी दो मैच रायपुर में खेलेगी

मौजूदा चैंपियन टीम 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यहां अपना पहला मैच खेलेगी, जो इस मैदान पर खेले जाने वाले उनके पांच घरेलू मैचों में से पहला मैच होगा। आरसीबी इस आईपीएल में अपने शेष दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगा।

टिकट धारकों को मेट्रो की सुविधा

मेनन ने यह भी बताया कि मैच के दिनों में टिकट धारकों को मेट्रो की सुविधा मिलेगी। पार्किंग की पहले से बुकिंग की जा सकती है और स्टेडियम के सभी गेट मैच से चार घंटे पहले खुल जाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि फ्रेंचाइजी ने इस वर्ष ‘अनबॉक्स’ कार्यक्रम आयोजित नहीं करने का फैसला किया है और मैच के दिन उसका पूरा ध्यान मैच को सुचारू रूप से संचालित करने पर होगा।

यह भी पढ़ें: IPL में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट वाले क्रिकेटरों में रसेल नंबर-1, भारतीयों में सहवाग शीर्ष पर, ये है पूरी लिस्ट