भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के गेंदबाजी आक्रमण को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि केकेआर की गेंदबाजी पहले जैसी धारदार नहीं है और उनके ‘मिस्ट्री’ स्पिनर भी फीके पड़ गए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से पहले केकेआर की ताकत और कमजोरी का विश्लेषण करते हुए अश्विन ने कहा कि भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पर अब काफी जिम्मेदारी होगी।

पीटीआई के अनुसार अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि केकेआर की गेंदबाजी देखकर विरोधी टीम डरेंगी। ‘मिस्ट्री फैक्टर’, ‘नवीनता’ और खौफ, ये सब अब खत्म हो चुके हैं। पहले बल्लेबाज विश्लेषक के कमरे में जाकर गेंदबाज के हाथ को देखते थे या फिर एक रन लेने की बात सोचते थे। वरुण अपने करियर के ऐसे दौर में हैं जहां उन्हें जवाब ढूंढने होंगे। यह हर क्रिकेटर के विकास का हिस्सा होता है। मुझे लगता है कि नवीनता का तत्व अब खत्म हो गया है।’

अश्विन ने यह भी कहा कि अनुभवी ऑलराउंडर सुनील नरेन की प्रभावशीलता भी कम हो गई है। उन्होंने कहा, ‘सुनील नरेन अब अपने एक्शन की वजह से अपनी तेज गेंद नहीं डाल सकते। ईडन गार्डन छोटा मैदान है इसलिए विरोधी टीमों के लिए आक्रामक होना आसान हो गया है।’ अश्विन ने जोर देकर कहा कि केकेआर के गेंदबाजों के लिए आक्रामक बल्लेबाजी लाइन-अप को रोकना मुश्किल हो सकता है, खासकर छोटे मैदानों पर। उन्होंने यह भी कहा कि चोटों और खिलाड़ियों में बदलाव के कारण गेंदबाजी इकाई कमजोर हो गई है।

उन्होंने कहा, ‘नीलामी के बाद मैंने कहा था कि केकेआर की गेंदबाजी मजबूत है, लेकिन अब मुस्तफिजुर रहमान टीम में नहीं हैं। माथीशा पथिराना चोटिल हैं और हर्षित राणा भी बाहर हो चुके हैं। केकेआर के पास ब्लेसिंग मुजरबानी हैं, जिन्होंने मेहनत की है और मैं उन्हें देखने के लिए उत्साहित हूं, लेकिन इतनी चोटों के बीच किसी को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी और वो कौन होगा, मुझे नहीं दिखता।’

श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति का किया जिक्र

भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप भी केकेआर के पूरे सत्र के लिए बाहर हो गए हैं। अश्विन ने श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति का भी जिक्र किया, जिन्होंने 2024 में केकेआर को तीसरा खिताब जिताया था, लेकिन टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘कोरबो है, लोरबो है, लेकिन जीतबो नहीं है। केकेआर ने तीन बार खिताब जीता, दो बार गौतम गंभीर के नेतृत्व में और एक बार श्रेयस अय्यर की अगुआई में। श्रेयस अय्यर की कप्तानी प्रभावशाली रही है। केकेआर का नुकसान पंजाब किंग्स का फायदा बन गया।’

यह भी पढ़ें: IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका, हर्षित राणा के बाद यह तेज गेंदबाज भी बाहर