इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल अपने टी20 करियर में नई जान डालना चाहेंगे। पिछले साल जब गिल को भारत की टी20 टीम का उप-कप्तान बनाया गया था तो माना जा रहा था कि वह सूर्यकुमार यादव के बाद भारत के टी20 कप्तान बनेंगे, लेकिन गिल का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया। संजू सैमसन, इशान किशन और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया और भारतीय टीम खिताब बचाने में सफल रही। ऐसे में गिल की निगाहें आईपीएल 2026 में अच्छा प्रदर्शन करके भारतीय टीम में वापसी करने पर होगी।
भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने गिल को स्ट्राइक रेट पर ध्यान न देने की सलाह दी। अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के लिए बैटिंग करते हुए पूरा फायदा उठाना चाहिए, जहां उन्होंने सभी फॉर्मेट में रन बनाए हैं। अश्विन ने ऐश की बात पर कहा, ‘अहमदाबाद में उन्हें आउट करना काफी मुश्किल है। वह कुछ हद तक डॉन जैसे हो गए हैं। इसलिए, मुझे लगता है कि शुभमन गिल को चिंता करने की कोई बात नहीं है और अगर मैं उनकी जगह होता तो खुद से कहता कि क्रीज पर जाकर एक बार फिर रन बनाओ। खुद को दौड़ में बनाए रखने का सबसे अच्छा तरीका खूब रन बनाना है। वह गुजरात टाइटंस के लिए सबसे सफल बल्लेबाज होंगे।’
रनरेट के पीछे न भागें गिल
अश्विन ने कहा कि गिल को स्ट्राइक रेट का पीछा भागने के बजाय ज्यादा से ज्यादा रन बनाने को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मुझे कोई शक नहीं है कि शुभमन पिछले साल की तरह ही अपनी बैटिंग जारी रखेंगे। अगर शुभमन स्ट्राइक रेट का पीछे भागते रहे और रन नहीं बनाए तो गुजरात टाइटंस को बहुत मुश्किल होगी। मुझे उम्मीद है कि वह ऐसा नहीं करेंगे। वह ज्यादा स्ट्राइक रेट का पीछा किए बिना भी रन बना सकते हैं।’
गिल ऑरेंज कैप के पीछे भागेंगे
अश्विन ने कहा, ‘गिल, (साई) सुदर्शन, और (जोस) बटलर के टॉप तीन में से गिल इस सीजन में सच में भूखे रहेंगे। हमें एक और सीजन देखने को मिलेगा जहां गिल ऑरेंज कैप के पीछे भागेंगे। ऐसा भी हो सकता है कि उन्हें ऑरेंज कैप मिल जाए, क्योंकि वह टी20 टीम में वापस आने के लिए कुछ भी कर सकते हैं और करेंगे।’
यह भी पढ़ें: IPL 2026: मुंबई इंडियंस से जुड़ने से पहले CoE पहुंचे जसप्रीत बुमराह, जानें कारण
