Cricket Australia Gives Pat Cummins Injury Update: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के प्रशंसकों के लिए राहत भरी खबर आई है। पैट कमिंस अब पूरी तरह फिट हो चुके हैं और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। लंबे समय से पीठ की चोट से जूझ रहे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को ताजा मेडिकल जांच के बाद गेंदबाजी की मंजूरी मिल गई है।

इससे सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी इकाई और मजबूत होने वाला है। पैट कमिंस की वापसी ऐसे समय हो रही है जब टीम प्लेऑफ की रेस में खुद को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि हालिया जांच से इस बात की पुष्टि हो गई है कि पीठ से जुड़ी वह समस्या, जिसकी वजह से पैट कमिंस पिछले अगस्त के बाद से सिर्फ एक ही मैच खेल पाए थे, अब पूरी तरह से ठीक हो गई है।

17 अप्रैल को भारत के लिए रवाना होंगे पैट कमिंस

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज शुक्रवार 17 अप्रैल को भारत के लिए रवाना होंगे, जहां वह IPL 2026 के बाकी मैचों के लिए सनराइजर्स हैदराबाद में हमवतन ट्रैविस हेड के साथ जुड़ेंगे। हालांकि, फ्रेंचाइजी के आगामी घरेलू मैच चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैं, लेकिन उम्मीद है कि पैट कमिंस सावधानी बरतेंगे और 25 अप्रैल को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच को अपनी वापसी के मैच के तौर पर चुनेंगे।

यह देखना बाकी है कि क्या वह इशान किशन से कप्तानी की जिम्मेदारी लेते हैं। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में इशान किशन ही टीम की अगुआई कर रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) फिलहाल आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है।

पैट कमिंस की चरणबद्ध वापसी एक सावधानीपूर्वक तैयार की गई योजना के अनुरूप है, जिसके तहत वह टूर्नामेंट के दूसरे हाफ (प्लेऑफ मुकाबले भी शामिल) में हिस्सा लेंगे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट के एक कठिन दौर के लिए खुद को तैयार करेंगे।

भारत को एक साल में खेलने हैं 21 टेस्ट मैच

ऑस्ट्रेलिया अगले एक साल में 21 टेस्ट मैच तक खेल सकता है, ऐसे में वर्कलोड का सही प्रबंधन बेहद जरूरी हो जाता है। ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट मुकाबलों से भरा कैलेंडर अगस्त में डार्विन और मैके में बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के साथ शुरू होगा।

इसके बाद दक्षिण अफ्रीका में 3 टेस्ट, घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 टेस्ट, 2027 की शुरुआत में भारत का 5 टेस्ट मैच का दौरा, मार्च में MCG में ऐतिहासिक 150वीं वर्षगांठ का टेस्ट और संभवतः जून में लॉर्ड्स में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल होगा। इसके बाद 5 टेस्ट मैच की एशेज सीरीज भी खेली जाएगी।

सनराइजर्स हैदराबाद के कोच डेनियल विटोरी ने पहले पैट कमिंस की शारीरिक स्थिति की तारीफ की थी। डेनियल विटोरी ने कहा था, “उनकी फिटनेस जबरदस्त रही है, क्योंकि जाहिर है, वह काफी लंबे समय से खेल से बाहर थे, इसलिए उन्हें अपनी फिटनेस पर काम करने का समय मिला। उन्होंने स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग पर काफी मेहनत की। जाहिर है, यह एक थोड़ा मुश्किल भरा काम है कि वर्कलोड को उस स्तर तक बढ़ाया जाए, जहां उन्हें गेंदबाजी को लेकर आत्मविश्वास और मजबूत महसूस हो।”

CSK ने ‘डोसा, इडली, सांभर’ गाने पर जताया कड़ा ऐतराज, BCCI से की RCB के DJ की शिकायत

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मैच के दौरान DJ के ‘डोसा, इडली, सांभर’ गाना बजाने पर CSK ने कड़ा ऐतराज जताया है। सीएसके प्रबंधन ने बीसीसीआई से मामले की शिकायत की है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।