भारत के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने राजस्थान रॉयल्स के वंडरकिड वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में कसीदे गढ़े। वैभव ने 26 गेंदों पर 78 रन बनाकर राजस्थान रॉयल्स (RR) को शुक्रवार (10 अप्रैल) को गुवाहाटी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल करने में मदद की। इसके बाद कैफ ने कहा कि वैभव ने क्रिकेट को वीडियो गेम बना दिया है। उन्होंने जसप्रीत बुमराह और जोश हेजलवुड जैसे खिलाड़ियों को भी नहीं छोड़ा है।
कैफ ने एक्स पर कहा,’किसी 15 साल के लड़के ने टी20 में बैटिंग इतनी आसानी से कभी नहीं की। जिन गेंदबाजों की पहली गेंद पर उन्होंने बाउंड्री मारी है, उनमें सभी बड़े स्टार्स बुमराह, हेजलवुड, भुवी शामिल हैं। वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट को ऐसे खेलते हैं जैसे वह कोई वीडियो गेम हो।’ वैभव ने आरसीबी के खिलाफ 7 छक्के और 8 चौके लगाए।
वैभव ने 18 छक्के और 18 चौके लगाए हैं
पिछले साल गुजरात टाइटंस के खिलाफ 101 रन की पारी खेलकर आईपीएल के सबसे युवा शतकवीर बने 15 वर्षीय खिलाड़ी वैभव ने इस आईपीएल में अब तक 18 छक्के और 18 चौके लगाए हैं। सूर्यवंशी ने हेजलवुड की चार गेंदों पर एक छक्का और तीन चौके मारे और भुवनेश्वर कुमार की 9 गेंदों पर 24 रन भी बनाए। इससे पहले लीग में सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ भारतीय तेज गेंदबाज बुमराह को दो छक्के मारे थे। उन्होंने रॉयल्स के लिए मुंबई के खिलाफ 27 रन की जीत में 39 रन बनाए थे।
गेंदबाज नहीं गेंद को खेलने की कोशिश
वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि उनके दिमाग में यह बात रहती है कि कौन सा गेंदबाज गेंद कर रहा है, लेकिन वह गेंदबाज को नहीं बल्कि गेंद को खेलने की कोशिश करते हैं। उन्होंने ब्रॉडकास्टर से शुक्रवार को कहा, ‘दिमाग में यह बात होती है कि गेंदबाजी कौन कर रहा है। मैं गेंद को खेलने की कोशिश करता हूं, गेंदबाज को नहीं और अपना मैच खेलता हूं। मेरे पापा, मेरे कोच, मेरे गार्जियन रोमी सर मुझे कहते रहते हैं कि सफर लंबा है और मुझे अपने प्रोसेस और अपने गेम पर फोकस करना है, बिना अपना दिमाग दूसरी चीजों में लगाए।’
गुरजपनीत को मिला चेन्नई के लिए डेब्यू का मौका
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 से पहले नीलामी में गुरजपनीत सिंह पर 2.2 करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन चोट के कारण वह सीजन के बीच से बाहर हो गए। उन्हें आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ डेब्यू का मौका मिला। पूरी खबर पढ़ें।
