इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026)में दिग्गज खिलाड़ियों से लैस मुंबई इंडियंस की हालत खराब है। हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली टीम लगातार चार मैच हार चुकी है। इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने हार्दिक पंड्या को कप्तानी से हटाकर रोहित शर्मा को फिर कप्तान बनाने की मांग कर दी है। पंड्या ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 7 विकेट से हार के बाद कुछ ऐसा कहा जो मनोज के अनुसार सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों पर निशाना था।

हार्दिक पंड्या ने मैच के बाद कहा, ‘अभी कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। हमें यह पता लगाना होगा कि कहां कमी रह जा रही। क्या कोई खिलाड़ी या पूरी टीम या हमारी योजना में दिक्कत है। यह वो सवाल हैं जिनका जवाब हमें आगे देना होगा। बहुत जल्दी आगे बढ़ने की बात नहीं है। हमें ईमानदारी से यह देखना होगा कि हम वर्तमान रणनीति पर टिके रहें या कुछ कड़े फैसले लें। जिम्मेदारी लेना जरूरी है। अगर हम परिस्थिति को बदलना चाहते हैं तो हमें जिम्मेदारी लेनी होगी।’

मालिक भी गुस्से में दिखे

मनोज तिवारी ने हार्दिक पंड्या के इसी बयान को लेकर कहा कि वह कुछ भारतीय खिलाड़ियों पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने क्रिकबज पर कहा, ‘उनके बयान से ऐसा लगा कि वह जाने-माने भारतीय खिलाड़ियों पर निशाना साध रहे थे। यह सूर्यकुमार यादव या तिलक वर्मा हो सकते हैं, जो रन नहीं बना रहे हैं। मुझे नहीं पता कि वह किसकी बात कर रहे थे, क्योंकि उनकी प्रतिक्रिया और शारीरिक भाषा मुझे ठीक नहीं लगी। हमने मालिक को भी मैदान पर देखा और वह गुस्से में लग रहे थे। कुल मिलाकर यह सब देखने के बाद हम मान सकते हैं और अंदाजा लगा सकते हैं कि कुछ ठीक नहीं है।’

गलतियां सिर्फ इसी साल नहीं हुईं

मनोज ने कहा, ‘जवाबदेही कहां से आएगी? खुद को भी देखना होगा। आपको देखना होगा कि आप कैसे खेल रहे हैं। मेरे हिसाब से अगर आपको इस साल सफलता नहीं मिल रही है इसका मतलब यह नहीं है कि गलतियां सिर्फ इसी साल हुई हैं। आपको असली वजह भी देखनी होगी। 2015-2023 तक रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस को कई ट्रॉफी जिताने में मदद की।’

रोहित शर्मा के साथ नाइंसाफी

मनोज ने कहा, ‘अगर वे इसका हल चाहते हैं तो हार्दिक पंड्या को कप्तानी से ब्रेक लेना चाहिए और रोहित शर्मा को वापस लाकर यह जिम्मेदारी देनी चाहिए। जब ​​रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाया गया तो यह नाइंसाफी थी। उम्मीद थी कि हार्दिक पांड्या ट्रॉफी दिलाएंगे, लेकिन जिस तरह से चीजें चल रही हैं ऐसा नहीं लगता कि वह ऐसा कर पाएंगे।’

क्विंटन डिकॉक ने शतक लगाकर बनाए 5 बड़े रिकॉर्ड्स

आईपीएल 2026 के 24वें मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ रोहित शर्मा मैदान पर इंजरी की वजह से नहीं उतरे। उनकी जगह क्विंटन डिकॉक को मौका दिया गया और उन्होंने इस सीजन के पहले ही मैच में शतक लगा दिया। डिकॉक ने अपनी शतकीय पारी के बाद कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए और रोहित, संजू, पंत का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ा। पूरी खबर पढ़ें

श्रेयस अय्यर ने रोहित-राहुल का रिकॉर्ड एक साथ तोड़ा

पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया और श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 4 छक्के लगाते हुए रोहित शर्मा और केएल राहुल का रिकॉर्ड एक साथ तोड़ दिया साथ ही इस सीजन के 24 मैचों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए। पूरी खबर पढ़ें