इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में जसप्रीत बुमराह खराब दौर से गुजर रहे हैं। बुमराह पांच मैचों में एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। बुमराह अपने करियर में इस तरह से जूझते नहीं दिखे हैं। कहीं बुमराह के खराब प्रदर्शन का कारण चोट तो नहीं है? मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के बाद जसप्रीत बुमराह का बचाव किया। इसी दौरान उन्होंने बताया कि बुमराह को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान मामूली चोट लगी थी। इस चोट के साथ वह आईपीएल 2026 की शुरुआत में मुंबई इंडियंस के लिए खेले।
बुमराह ने पंजाब किंग्स के खिलाफ चार ओवरों में 41 रन लुटाए। अन्य गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण पंजाब किंग्स ने गुरुवार (16 अप्रैल) को वानखेड़े में 196 रन का लक्ष्य 21 गेंद और सात विकेट शेष रहते हुए हासिल कर लिया। जयवर्धने ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘बुमराह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। बस पावरप्ले में हम विरोधी टीमों पर दबाव नहीं बना पा रहे हैं। विपक्षी टीम जानती है कि बुमराह के खिलाफ ज्यादा जोखिम लेने की जरूरत नहीं है। हमने कुछ अलग-अलग तरीके आजमाए हैं। विरोधी टीम में ऐसे तरीके आजमा रही हैं, लेकिन वे अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। मैं किसी एक चीज पर उंगली नहीं उठा सकता और यह नहीं कह सकता कि उन्होंने विकेट नहीं लिया है।’
चोटिल थे बुमराह
श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने खुलासा किया कि आईपीएल की शुरुआत में बुमराह मामूली रूप से चोटिल थे, लेकिन अब वह पूरी तरह ठीक हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि शुरुआत में ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि विश्व कप के दौरान उन्हें हल्की चोट लग गई थी। पिछले कुछ मैचों में उनकी गति में सुधार हुआ है। हमने इन सभी बातों को ध्यान रखा है, इसलिए वह काफी सहज महसूस कर रहे हैं। कभी-कभी किस्मत का साथ भी जरूरी होता है।’
गेंदबाजी इकाई के रूप में फेल
हालांकि, जयवर्धने ने स्वीकार किया कि उनके गेंदबाज एक इकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन करके विरोधी टीमों पर दबाव नहीं बना पाए हैं। उन्होंने कहा, ‘एक गेंदबाजी इकाई के रूप में हम विभिन्न पिचों पर मिलकर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और यह कुछ ऐसा है जिस पर हमें काम करने की जरूरत है।’
हार्दिक पंड्या को हटा रोहित शर्मा को कप्तानी दें
मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी हार के बाद भारत के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कहा कि हार्दिक पंड्या को कप्तानी से हटाना चाहिए। रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बनाना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें।
मुंबई-पंजाब मैच के बाद अंकतालिका
पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया और आरसीबी के पीछे छोड़ते हुए अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने वैभव को टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट से बाहर कर दिया। पूरी खबर पढ़ें।
