इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026)में बुधवार (22 अप्रैल) को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (RR) के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के पास बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। वह राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने से बस 3 विकेट दूर हैं। ऐसा करने पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी शेन वॉटसन को पीछे छोड़ देंगे।
आर्चर ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए पावरप्ले में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। 2018 में आईपीएल डेब्यू के बाद से आर्चर ने छह में से पांच सीजन में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने एक सत्र मुंबई इंडियंस के लिए खेला है, जिसके लिए उनका प्रदर्शन काफी साधारण रहा था।
राजस्थान रॉयल्स के लिए आर्चर का प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स के लिए 53 मैचों में आर्चर ने 24.47 के औसत से 65 विकेट लिए हैं। इसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10 रन देकर 3 विकेट रहा है। 7.79 उनकी इकॉनमी है। आईपीएल 2026 में जोफ्रा ने छह मैचों में 22.37 के औसत से आठ विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी 8.52 है। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देकर 2 विकेट रहा है।
राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट
राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट शेन वॉटसन ने लिए हैं। उन्होंने 84 मैचों में 27.83 के औसत से 67 विकेट लिए हैं। वह 2008 से 2015 तक राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले। युजवेंद्र चहल ने 46 मैच में 66 विकेट लिए हैं। सिद्धार्थ त्रिवेदी ने 65 विकेट लिए हैं।
जोफ्रा आर्चर का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन
जोफ्रा आर्चर ने इस साल 16 टी20 खेले हैं और 21 विकेट लिए हैं। उनका औसत 25.19 का है। 19 रन देकर 2 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने 8 मैच में 11 विकेट लिए। उनका औसत 26 का रहा। 20 रन देकर 2 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
पानी में बहे संजीव गोयनका के 48 करोड़ रुपये
लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी से पहले निकोलस पूरन को 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वहीं ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। पंत के प्रदर्शन पर हमेशा निगाहें होती है, लेकिन पूरन पर बात नहीं होती। पूरी खबर पढ़ें।
