इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) से पहले तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने मंगलवार (24 मार्च) को रिंकू सिंह को उप-कप्तान बनाया है। फ्रेंचाइजी ने यह फैसला लेकर भविष्य में नेतृत्व के संकेत दे दिए हैं। केकेआर के वर्तमान कप्तान अजिंक्य रहाणे है। उन्हें केकेआर के आईपीएल 2025 में खराब प्रदर्शन के बावजूद कप्तान बनाए रखा गया है।

केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने टीम के ‘नाइट्स अनप्लग्ड 3.0’ इवेंट के दौरान कहा, ‘रिंकू सिंह उप-कप्तान के तौर पर कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर काम करेंगे।’ इस फैसले का समर्थन करते हुए हेड कोच अभिषेक नायर ने कहा कि रिंकू जिस तरह से उभरे वह उन्हें नेतृत्व की भूमिका के लिए एक स्वाभाविक विकल्प बनाता है।

अभिषेक नायर क्या बोले

नायर ने कहा, ‘मैंने उन्हें इतने सालों में एक नेतृत्वकर्ता के तौर पर बेहतर होते देखा है। वह ऐसे इंसान हैं जिनकी तरफ टीम हमेशा देखती है, इसलिए हम उन्हें थोड़ी और जिम्मेदारी देना चाहते थे। मुझे लगता है कि टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद यह सही समय है।’

80 लाख रुपये से 13 करोड़ का सफर

रिंकू सिंह आईपीएल की जबरदस्त खोज में से एक रहे हैं। 2018 में 80 लाख रुपये में चुने जाने से लेकर आईपीएल 2025 से पहले 13 करोड़ रुपये में रिटेन किए जाने तक रिंकू ने मुश्किल परिस्थितियों से निपटते हुए बेहतरीन सफर तय किया है। यश दयाल को आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के मारने के बाद वह मशहूर हुए। इससे उन्हें भारतीय टीम में मौका मिला।

यह भी पढ़ें: कप्तानों के साथ बैठक करेगा बीसीसीआई, इम्पैक्ट प्लेयर और गेंद बदलने के नियम से लेकर इन मुद्दों पर होगी चर्चा

रिंकू के कप्तान बनाने की मांग

रिंकू ने आईपीएल के सबसे अच्छे फिनिशरों में से एक के तौर पर पहचान बनाई। रहाणे और रिंकू दोनों को एक साथ स्टेज पर बुलाया गया, जिसमें रिंकू की भीड़ ने जोरदार स्वागत किया कई लोगों ने तो कैप्टन कोरे दो रिंकू (रिंकू को कैप्टन बनाओ) के नारे भी लगाए, जो उनकी लोकप्रियता को दिखाता है।