इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्षित राणा चोट से नहीं उबरने के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। हालांकि, हर्षित के टूर्नामेंट से बाहर होने जानकारी आधिकारिक तौर पर अभी सामने नहीं आई है। हर्षित राणा को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्मअप मैच में चोट लगी थी। इसके बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए। मोहम्मद सिराज को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया।
कोलकाता नाइट राइडर्स के पास तेज गेंदबाज के तौर पर आकाशदीप, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक और कार्तिक त्यागी जैसे विकल्प हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र ने कहा,’बदकिस्मती से हर्षित राणा उपलब्ध नहीं होंगे, लेकिन इससे टीम के दूसरे गेंदबाज वैभव, उमरान, कार्तिक और आकाश को आगे बढ़कर मौके का फायदा उठाने का मौका मिलेगा। अभी तक किसी रिप्लेसमेंट पर फैसला नहीं हुआ है।’
आईपीएल 2025 में हर्षित ने 13 मैच में 15 विकेट लिए
हर्षित राणा ने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिताब जीतने पर अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 19 विकेट लिए थे। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन से पहले हर्षित राणा को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। 2025 में हर्षित ने 13 मैच में 15 विकेट लिए।
मतिशा पथिराना भी चोटिल
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए चिंता का विषय श्रीलंका के तेज गेंदबाज मतिशा पथिराना की उपलब्धता पर भी सवाल है। पथिराना भी टी20 वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल हो गए थे। फ्रेंचाइजी ने बीते साल दिसंबर में नीलामी के दौरान पथिराना को 18 करोड़ रुपये में जोड़ा था। कोलकाता नाइट राइजर्स ने शुक्रवार को ही मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अपने साथ जोड़ा।
यह भी पढ़ें: मुजरबानी के केकेआर में आने से पाकिस्तान को झटका, आईपीएल में खेलने के लिए पीएसएल छोड़ा
