मुकुल चौधरी का बचपन से ही सपना था कि वह महेंद्र सिंह धोनी की तरह छक्के जड़कर मैच खत्म करें। उन्होंने कोलकाता के ईडन गार्डन में गुरुवार (9 अप्रैल) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को कोलकाता नाइट राइडर्स (ककी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में तीन विकेट से जीत दिलाकर यह सपना पूरा कर दिया। इस 21 वर्षीय बल्लेबाज ने 27 गेंद पर नाबाद 54 रन बनाए जिसमें दो चौके और सात छक्के शामिल हैं। धोनी के इस फैन ने हेलीकॉप्टर शॉट लगाकर उनकी याद दिला दी।
मुकुल ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ”मैं यह पारी अपने पिता को समर्पित करता हूं। शादी से पहले से ही उनका सपना था कि उनका बेटा क्रिकेटर बने। मैं एमएस (धोनी) सर को भी देखता रहा हूं कि किस तरह से वह पारी समाप्त करते हैं। मैं भी उसी नंबर पर खेलता हूं, इसलिए मैं यह पारी उन्हें भी समर्पित करता हूं।’
हर दिन 150 छक्के लगाने का अभ्यास
मुकुल ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और वह हर दिन लगभग 150 छक्के लगाने का अभ्यास करते हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरे ‘जीन्स’ ऐसे हैं और मेरी शारीरिक बनावट ऐसी है कि मेरे शॉट्स में ताकत होती है। मैं खूब अभ्यास भी करता हूं। मैं हर दिन लगभग 100-150 छक्के लगाता हूं। पिछले पांच-छह महीनों से मैंने बहुत अभ्यास किया और इसका असर अब मेरी बल्लेबाजी में देखने को मिल रहा है।’
‘हेलीकॉप्टर शॉट’ लगाया
मुकुल ने धोनी की तरह अपने ‘हेलीकॉप्टर शॉट‘ के बारे में भी बात की। उन्होंने 17वें ओवर में वैभव अरोड़ा की गेंद पर इसी तरह का शॉट लगाकर छक्का जड़ा था। मुकुल ने कहा, ‘मैंने बचपन से ही उस शॉट का अभ्यास किया है। मुझे यह शॉट खेलना बहुत पसंद है। धोनी जिस तरह से पारी का अंत करते हैं वह भी मुझे पसंद है। वह यॉर्कर पर भी छक्का मार देते थे। अगर आप उस तरह की गेंद पर भी छक्का जड़ देते हैं, तो गेंदबाज कुछ अलग करने के बारे में सोचने लगता है।’
जस्टिन लैंगर का ध्यान खींच चुके हैं मुकुल
छक्के मारने की अपनी क्षमता और आत्मविश्वास से वह पहले ही एलएसजी के कोच जस्टिन लैंगर का ध्यान खींच चुके हैं। लैंगर ने कहा था कि मुकुल में भारत का मध्यक्रम में सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनने की क्षमता है। मुकुल ने कहा, ‘अगर कोई इतना बड़ा कोच आपके बारे में कुछ कहता है, तो उन्होंने आपमें कुछ तो देखा ही होगा। उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मैं भी वैसा ही करना चाहता हूं।’
IPL नीलामी में बेस प्राइस से 760% ज्यादा में बिके थे मुकुल चौधरी
आईपीएल 2026 के ऑक्शन में मुकुल के लिए तीन फ्रेंचाइजियों ने बोली लगाई। लखनऊ सुपर जायंट्स के अलावा राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस ने भी उन्हें अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाई थी। यही कारण है कि 30 लाख बेस प्राइस वाले मुकुल 2.60 करोड़ रुपये में बिके। पूरी खबर पढ़ें।
