भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग 11 में कैमरन ग्रीन फिट नहीं बैठते। उन्होंने ग्रीन को ड्रॉप करने की सलाह दे दी है। कोलकाता नाइट राइडर्स लगातार दो मैच गंवा चुकी है। ग्रीन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में 18 रन बनाए थे। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में उन्होंने 2 रन बनाए। ग्रीन के गेंदबाजी करने पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA)ने रोक लगाई है। हरभजन का मानना है कि गेंदबाजी नहीं करने पर ग्रीन को खिलाने का कोई फायदा नहीं है। केकेआर ने ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था।

हरभजन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मुझे लगता है कि कैमरन ग्रीन इस टीम में फिट नहीं बैठते और इसका सीधा सा कारण यह है कि वह बॉलिंग नहीं कर रहे हैं। टीम को टिम सीफर्ट को लाना चाहिए और उनसे पारी की शुरुआत करवानी चाहिए, क्योंकि अगर कैमरन ग्रीन गेंदबाजी नहीं करेंगे, तो बल्लेबाज के तौर पर बेहतर विकल्प मौजूद हैं। वह विकल्प सीफर्ट हैं। फिर रोवमैन पॉवेल हैं,उन्हें भी खिलाया जा सकता है।’

केकेआर आखिरी पायदान पर

हरभजन सिंह ने कहा, ‘अब अचानक केकेआर की टीम पर दबाव आ रहा होगा क्योंकि वे अपने पहले दो मैच हार चुके हैं, एक घर में और एक बाहर। अगर उन्हें यहां से वापसी करनी है तो उन्हें कुछ चीजें ठीक करनी होंगी। सबसे पहले उन्हें दोनों मैचों में कड़ी टक्कर मिली है। पहले मुंबई से और अब घर पर एसआरएच से।’ दो हार के साथ केकेआर अंक तालिका में सबसे नीचे है और बॉलिंग और बैटिंग दोनों ही चिंता का विषय है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछो

मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे से सवाल हुआ था कि कैमरन ग्रीन ने गेंदबाजी क्यों नहीं की ? इस पर रहाणे ने कहा था कि यह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया सवाल पूछा जाना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें