इशान किशन के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 शानदार रहा था। वह 317 रन बनाकर भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उससे पहले उनकी लंबे समय बाद टीम इंडिया में वापसी हुई थी। उन्होंने सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी कप्तानी में पहली बार झारखंड को चैंपियन भी बनाया था। अब खबरें हैं कि वह आईपीएल में भी सनराइजर्स हैदराबाद की कमान संभाल सकते हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक इशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में कर सकते हैं। दरअसल ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज पीठ की चोट से रिकवर कर रहे हैं और इसी कारण वह टी20 वर्ल्ड कप भी नहीं खेले थे। इससे पहले कई मीडिया रिपोर्ट्स से यह जानकारी सामने आई है कि अभिषेक शर्मा कुछ मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कमान संभाल सकते हैं, लेकिन अब इशान का नाम सामने आ रहा है।

जानकारी के अनुसार पैट कमिंस कुछ मैचों के लिए टूर्नामेंट से बाहर रहे सकते हैं। हैदराबाद की टीम अपना पहला मैच सीजन के पहले दिन 28 मार्च को डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के खिलाफ खेलने उतरेगी। यह टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच भी होगा। कमिंस की वापसी कब होगी इसका कोई अपडेट नहीं है। अगर कमिंस नहीं लौटते हैं तो इशान ही पूरे सीजन टीम की कमान संभाल सकते हैं।

इशान किशन का कैसा है आईपीएल रिकॉर्ड

इशान किशन के आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें तो उनके नाम 119 मुकाबलों में 2998 रन दर्ज हैं। उनका औसत 29 से अधिक और स्ट्राइक रेट 137 से ऊपर का है। उनके नाम एक शतक, 17 अर्धशतक दर्ज हैं। इशान ने आईपीएल में अभी तक 288 चौके और 134 छक्के लगाए हैं। वहीं वह एक बेहतरीन विकेटकीपर भी हैं और उन्होंने 59 कैच व 5 स्टंपिंग भी आईपीएल में की हैं।

इशान किशन को आईपीएल 2025 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने 11.25 करोड़ की कीमत पर खरीदा था। इशान का प्रदर्शन भी अच्छा रहा था। उन्होंने पिछले सीजन 150 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से एक शतक और एक अर्धशतक समेत 354 रन बनाए थे। इस सीजन उनका आत्मविश्वास विश्व विजेता बनने और भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करने के बाद चरम पर होगा। अगर वह बतौर कप्तान शानदार प्रदर्शन करते हैं तो यह हैदराबाद के लिए एक युवा कप्तान के नेतृत्व में नई शुरुआत हो सकती है।

यह भी पढ़ें- ‘मैं वनडे कभी समझ नहीं पाया’: सूर्यकुमार यादव का ODI करियर खत्म? विश्व विजेता कप्तान ने खुद दिया हिंट
यह भी पढ़ें- IPL में किस टीम ने बदले सबसे ज्यादा कप्तान, 2008 से 2026 तक 17 खिलाड़ी एक फ्रेंचाइजी के बन चुके कैप्टन