साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा है कि वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन टी20 विश्व कप में भले ही कुछ खास नहीं रहा हो, लेकिन 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए भारत का यह मिस्ट्री स्पिनर बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। इस टूर्नामेंट से संन्यास लेने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले डु प्लेसिस ने ‘जियो हॉटस्टार’ से कहा कि ईडन गार्डन की पिच सुनील नरेन और चक्रवर्ती की गेंदबाजी के अनुकूल होनी चाहिए।

डु प्लेसिस ने कहा, ”अगर मैं केकेआर टीम प्रबंधन का हिस्सा होता तो मैं ईडन गार्डन के मैदानकर्मियों से कहता कि पिच को स्पिन के अनुकूल बनाया जाए। केकेआर खुशकिस्मत है कि उसके पास चक्रवर्ती और नरेन जैसे दो शानदार गेंदबाज हैं। ये दोनों इस समय टी20 क्रिकेट के सबसे बेहतरीन स्पिनरों में से हैं। वरुण और नरेन दोनों का प्रदर्शन असरदार होना जरूरी है। अगर वे ऐसी पिचों पर खेलते हैं जहां वे अपनी पूरी क्षमता से गेंदबाजी नहीं कर पाते तो आप अपने इन दो सबसे बड़े हथियारों और अपनी सबसे बड़ी ताकत को खो देंगे।’

टी20 विश्व कप में वरुण का प्रदर्शन

डु प्लेसिस ने कहा, ‘हां, वे किसी भी पिच पर अच्छी गेंदबाजी कर सकते हैं और बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं, लेकिन इस आईपीएल में केकेआर की सफलता के लिए चक्रवर्ती और नरेन को अपना जलवा दिखाना होगा। पिच को इन दोनों खिलाड़ियों को ध्यान में रखकर ही तैयार किया जाना चाहिए।’ टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के दौरान चक्रवर्ती का प्रदर्शन औसत रहा था। उन्होंने 14 विकेट लिए, लेकिन उनका इकोनॉमी रेट नौ से अधिक का रहा।

कैमरन ग्रीन अहम साबित हो सकते हैं

पिछले सत्र में केकेआर की टीम अंक तालिका में नीचे से तीसरे स्थान पर रही थी और अपने 14 मैच में से सिर्फ पांच जीत पाई थी। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली यह टीम 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह मैच मुंबई के घरेलू मैदान पर खेला जाएगा। डु प्लेसिस ने कहा कि कैमरन ग्रीन भी टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी चेताया कि इस ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर पर अपनी 25.2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत का बहुत अधिक दबाव होगा। 

यह भी पढ़ें: पंत नंबर 1, श्रेयस दूसरे, कोहली भी टॉप 5 में; ये हैं IPL 2026 के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले खिलाड़ी

पीटीआई इनपुट से खबर