दक्षिण अफ्रीका और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस का मानना है कि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिये। उन्होंने यह भी कहा कि पंत को जोखिम लेकर खेलने की बजाय उन्हें आगामी आईपीएल में निरंतरता पर फोकस करना चाहिये।
पंत ने अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करके पिछले सत्र में चौथे नंबर से ओपनर बल्लेबाज के तौर पर और फिर निचले क्रम पर भी बल्लेबाजी की। वह लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिये आखिरी मैच में तीसरे नंबर पर 61 गेंद में नाबाद 118 रन की पारी खेल सके। डु प्लेसिस ने जियो स्टार के ‘आईपीएल टुडे लाइव’ कार्यक्रम में कहा ,’शायद पंत के लिये तीसरे नंबर पर खेलने का मौका हो।’ लगता है कि वह तीसरे नंबर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं । मैने पिछले सत्र में उन्हें लखनऊ के लिये तीसरे नंबर पर खेलते देखा जब निकोलस पूरन चौथे नंबर पर उतरे थे।’
पंत को अपना प्रभाव और छोड़ना होगा
आरसीबी के पूर्व कप्तान ने कहा ,’लखनऊ टीम की 2026 की नीलामी को देखें तो उनके पास शीर्षक्रम पर पंत के साथ एडेन माक्ररम, मिचेल मार्श और पूरन जैसे धुरंधर हैं। पंत को अपना प्रभाव और छोड़ना होगा।’ लखनऊ सुपर जाइंट्स को एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से पहला मैच खेलना है।
अपार प्रतिभा का धनी हैं पंत
डु प्लेसिस ने कहा ,’पंत अपार प्रतिभा का धनी हैं। टेस्ट क्रिकेट में उसे बल्लेबाजी करते देखो तो लगता है कि उनके पास सारे शॉट्स हैं। उसके दिमाग में कई विकल्प चल रहे होते हैं। उन्हें लगता है कि वह मैदान के किसी भी हिस्से में हर गेंद पर छक्का लगा सकता है, लेकिन टी20 बल्लेबाजी में आपको रणनीति बनानी होती है।’
पंत को निरंतरता पर काम करना होगा
डु प्लेसिस ने कहा ,’ महान टी20 बल्लेबाजों को देखो जो यह सोचते हैं कि कब चौके छक्के लगाने हैं और कहां उनकी कमजोरी है जिस पर वे काम करते हैं। पंत को खेलते देखो तो लगता है कि वह किसी भी समय आउट हो सकते हैं क्योंकि वह काफी जोखिम लेते हैं। उन्हें टेस्ट की ही तरह टी20 में भी एक रणनीति लेकर खेलना होगा। हर गेंद पर जोखिम लेने की जरूरत नहीं है। उन्हें निरंतरता पर काम करना होगा।’
यह भी पढ़ें: ‘अर्जुन तेंदुलकर खेलेगा ही नहीं’, लखनऊ के लिए अपनी प्लेइंग 11 चुनते हुए अश्विन की भविष्यवाणी; पंत-मार्श ओपनर
