इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैच से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए अच्छी खबर है। तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) से आईपीएल में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NoC) मिल गई है। पथिराना को नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार पथिराना 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में उपलब्ध रहेंगे। 23 साल का यह तेज गेंदबाज पहले चेन्नई सुपर किंग्स का ही हिस्सा था। वह पिंडली की चोट के कारण आईपीएल 2026 के शुरुआती चरण में नहीं खेल पाए। उन्हें आईपीएल से पहले हुए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान चोट लगी थी और तब से वह मैदान से दूर हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अच्छी खबर

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए पथिराना का जुड़ना अच्छी खबर है। हर्षित राणा और आकाशदीप पहले चोटिल होकर पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। पथिराना को लेकर फ्रेंचाइजी लगातार श्रीलंका क्रिकेट के संपर्क में थी। पथिराना का एक्शन लसिथ मलिंगा की तरह है। वह बेहतरीन यॉर्कर डालने के लिए जाने जाते हैं। उन्हें श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल 2026 में खेलने की अनुमति दे दी है।

कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत का इंतजार

कोलकाता नाइट राइडर्स को इस सीजन जीत का इंतजार है। वह तीन मैच हार चुकी है और एक मैच धुलने से उसके पास एक अंक हैं। वह अंक तालिका में सबसे नीचे है। पथिराना की अनुपस्थिति में जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी एकमात्र तेज गेंदबाज कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे थे। वह मुस्तफिजुर रहमान के विकल्प हैं। पिछले मैच में ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने गेंदबाजी की थी। पहले तीन मैचों में वह बतौर बल्लेबाज खेले थे।

नितीश राणा-ऋतुराज गायकवाड़ पर जुर्माना

खराब प्रदर्शन के बाद नितीश राणा को दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के लिए प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया था। वह इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प के हिस्सा थे। उनपर फोर्थ अंपायर से बहस के कारण जुर्माना लगा था। ऋतुराज पर स्लो ओवर रेट के कारण जुर्माना लगा। पूरी खबर पढ़ें