IPL 2026 CSK Team Analysis: आईपीएल 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 28 मार्च को लीग का पहला मुकाबला खेला जाएगा। वहीं इस बार सभी की नजरें चेन्नई सुपर किंग्स पर खासतौर से होने वाली हैं। थाला तो पहले से ही इस टीम की जान थे, लेकिन अभ चेट्टा (संजू सैमसन) भी इस टीम में आ चुके हैं। फैन फॉलोइंग तो निश्चित ही सीएसके की काफी बढ़ी है लेकिन क्या ताकत टीम की बढ़ी हैं या नहीं इसका पूरा विश्लेषण करते हैं। दरअसल इस बार सीएसके के पास युवा और अनुभवी दोनों तरह के टैलेंट की भरमार है।

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपना अभियान 30 मार्च से शुरू करेगी। सीएसके का पहला मैच राजस्थान रॉयल्स के साथ गुवाहाटी में खेला जाएगा। इस मैच में टीम की असली ताकत नजर आएगी। अगर उससे पहले टीम के कॉम्बिनेशन और स्क्वाड को देखते हुए अगर बात की जाए तो कागज पर तो यह टीम काफी मजबूत है। अब यह कागज वाली मजबूती मैदान पर कितनी दिखती यह देखने वाली बात होगी।

चेन्नई सुपर किंग्स की ताकत

  • मजबूत बल्लेबाजी: सुपर किंग्स की टीम ने इस बार बल्लेबाजी पर पूरी जोर-आजमाइश कर दी है। संजू सैमसन का टीम के साथ जुड़ना और फिर टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बन जाना सीएसके के लिए सोने पर सुहागा जैसा है। अब संजू आए हैं और आयुष म्हात्रे, ऋतुराज गायकवाड़ पहले से टीम में थे, तो टीम का टॉप ऑर्डर तो जबरदस्त नजर आ रहा है।
  • मध्यक्रम भी मजबूत: मध्यक्रम की बात करें तो डेवाल्ड ब्रेविस, दो बार के विश्व चैंपियन शिवम दुबे, युवा टैलेंट कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर और खुद एमएस धोनी जैसे विकल्प मौजूद हैं। वहीं सरफराज खान या मैथ्यू शॉर्ट को अगर मौका मिला तो यह दोनों खिलाड़ी भी बेहतरीन हैं। वहीं फिनिशर की बात करें तो दुबे और धोनी यह भूमिका अच्छे से निभा सकते हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स की कमजोरियां

  • स्पिन विभाग कमजोर: सीएसके के लिए इस सीजन बल्लेबाजी जितनी मजबूत लग रही है, गेंदबाजी उस लिहाज से थोड़ी कमजोर नजर आ रही है। खासतौर से स्पिन गेंदबाजी। नूर अहमद रविंद्र जडेजा के जाने से अकेले पड़ सकते हैं। हालांकि, राहुल चाहर हैं टीम के पास लेकिन वह कितने असरदार रहते हैं इस पर संशय है। ऑप्शन के तौर पर अकील हुसैन भी हैं लेकिन उन्हें मौका मिल पाता है या नहीं यह भी देखना होगा।
  • तेज गेंदबाजों का चयन दुविधा: तेज गेंदबाजी में सीएसके के पास खलील अहमद और विदेशी खिलाड़ियों में नाथन एलिस, मैट हेनरी, जेमी ओवरटन जैसे खिलाड़ी हैं। आईपीएल में लेकिन दिक्कत यह रहती है कि आप चार विदेशी ही खिला सकते हैं। जिसमें से डेवाल्ड ब्रेविस, नूर अहमद और नाथन एलिस का खेलना हम तय मान रहे हैं। तो चौथा विदेशी कौन होगा यह देखने वाली बात होगी। साथ ही काफी युवा टैलेंट है टीम के पास तो उम्मीद के साथ-साथ परफॉर्मेंस की चिंता भी होगी।

चेन्नई सुपर किंग्स की संभावित प्लेइंग 11

आयुष म्हात्रे, संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, एमएस धोनी, जेमी ओवरटन, नाथन एलिस, नूर अहमद, खलील अहमद।

इम्पैक्ट प्लेयर: राहुल चाहर, प्रशांत वीर

आईपीएल 2026 के लिए CSK का स्क्वाड

महेंद्र सिंह धोनी, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड), आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, उर्विल पटेल, नूर अहमद, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, जेमी ओवर्टन, गुरजापनीत सिंह, अंशुल कंबोज, अकील होसेन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैक फॉल्क्स।

यह भी पढ़ें- IPL 2026: केकेआर की ताकत और कमजोरी, फिन एलन से वरुण चक्रवर्ती तक धाकड़ खिलाड़ियों का जमावड़ा
यह भी पढ़ें- ICC Rankings: अभिषेक नंबर 1, संजू-तिलक को फायदा, बुमराह की भी छलांग; पाकिस्तान को हराने का बांग्लादेश को फायदा