बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से चेन्नई सुपर किंग्स पिछले सीजन में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सबसे नीचे रही। आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने स्क्वाड में काफी बदलाव किए, लेकिन उसकी शुरुआत काफी खराब रही। गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम 127 रन पर ऑल आउट हो गई।
चेन्नई सुपर किंग्स को इस सीजन का अपना पहला घरेलू मैच शुक्रवार (3 अप्रैल) को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलना है। इससे पहले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने युवा खिलाड़ियों का बचाव करते हुए कहा कि उन पर परिवारों और मीडिया का बहुत दबाव है। प्रदर्शन करने में समय लगता है।
आईपीएल में प्रदर्शन करने में समय लगता है
ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, ‘आईपीएल में परिवारों,मीडिया, टीम मेंबर्स, सभी का बहुत दबाव होता है। इसलिए उससे निपटने और आईपीएल में प्रदर्शन करने में समय लगता है। उन्हें समय देना होगा। देखने वाली बात है कि यह बल्लेबाजी लाइनअप कब चलना शुरू करेगी।’
युवा खिलाड़ियों की तारीफ की
चेन्नई सुपर किंग्स के पास कार्तिक त्यागी, प्रशांत वीर और उर्विल पटेल जैसे युवा बल्लेबाज हैं। ऋतुराज गायकवाड़ ने युवा खिलाड़ियों को लेकर कहा, ‘हमारे पास जिस कौशल के खिलाड़ी हैं उन पर हमें बहुत भरोसा है। कार्तिक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनमें छक्के मारने की काबिलियत है। मैंने ज्यादा दाएं हाथ के बल्लेबाज नहीं देखे हैं जिनमें छक्के मारने की ऐसी काबिलियत हो। इसलिए वह हमारी टीम में सबसे बेहतर नए खिलाडियों में से एक हैं। यहां तक कि उर्विल पटेल का भी टी20 रिकॉर्ड शानदार है। सरफराज खान भी हाल ही में अच्छा प्रदर्शन करके आ रहे हैं। हमारे पास प्रशांत वीर हैं जो अभी भी युवा हैं। वह टी20 फॉर्मेट में अपनी लय हासिल करने की कोशिश में हैं, लेकिन उनमें जबरदस्त कौशल हैं। इसलिए मुझे लगता है कि कौशल उनमें हैं।’
यह भी पढ़ें: अभिषेक टॉप-5 में, वॉर्नर शीर्ष पर, धवन नंबर 2, ये हैं सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 20 खिलाड़ी
