इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर विवादों में घिर गए हैं। वह कैमरे पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच के दौरान टीम के डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े गए। इस घटना को सबसे पहले एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था, लेकिन यह पुष्टि हो गई है कि शुक्रवार (10 अप्रैल) को गुवाहाटी में रॉयल्स की छह विकेट से जीत के दौरान भिंडर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे।

भिंडर के बगल में युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बैठे हुए थे। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक पदाधिकारी ने यह पुष्टि की कि भिंडर ने नियमों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा,’जी हां, भिंडर ने वास्तव में खिलाड़ियों एवं मैच अधिकारियों के क्षेत्र (PMOA) के प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है क्योंकि मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन प्रतिबंधित हैं।’

टीम मैनेजर फोन का इस्तेमाल कर सकता है

आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर पीएमओए प्रोटोकॉल 2026 से संबंधित नियम के अनुसार, ‘टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में फोन का उपयोग कर सकता है, लेकिन डगआउट में नहीं।’ भिंडर फ्रेंचाइजी की शुरुआत से ही इससे जुड़े हुए हैं और जानकारों का मानना ​​है कि उन्हें भ्रष्टाचार रोधी नियमों के बारे में अच्छी तरह से पता होना चाहिए।

लग सकता है प्रतिबंध

पदाधिकारी ने कहा, ‘यह अनजाने में हो सकता है, लेकिन इस पर कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि यह नियमों का उल्लंघन है। चेतावनी दी जाएगी या प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसका फैसला मैच रेफरी और एसीयू (भ्रष्टाचार निरोधक इकाई) की रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। आईपीएल की संचालन परिषद इस आधार पर फैसला ले सकती है।’ भिंडर को और भी गहन जांच का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि सूर्यवंशी ने मैच के बाद उन्हें अपना ‘स्थानीय संरक्षक’ बताया था।

नितीश राणा-ऋतुराज गायकवाड़ पर जुर्माना

खराब प्रदर्शन के बाद नितीश राणा को दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के लिए प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया था। वह इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प के हिस्सा थे। उनपर फोर्थ अंपायर से बहस के कारण जुर्माना लगा था। ऋतुराज पर स्लो ओवर रेट के कारण जुर्माना लगा। पूरी खबर पढ़ें