इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में चेन्नई सुपर किंग्स ने शुक्रवार (15 मई) को दिल्ली के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलदीप यादव को खलील अहमद की जगह टीम में शामिल किया, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नुवान तुषारा की जगह इंग्लैंड के रिचर्ड ग्लीसन को शामिल किया। खलील और तुषारा दोनों चोट के कारण सीजन से बाहर हो गए हैं। आईपीएल के अनुसार कुलदीप 30 लाख रुपये में चेन्नई से जुड़े, जबकि ग्लीसन 1.6 करोड़ रुपये में आरसीबी से जुड़े।

कुलदीप ने 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में डेब्यू किया और फ्रेंचाइजी के लिए तीन मैच खेले। ग्लीसन ने इंग्लैंड के लिए छह टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने नौ विकेट लिए हैं। उन्होंने लीग के 2024 और 2025 सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दो और मुंबई इंडियंस के लिए एक मैच खेला।

चेन्नई खिलाड़ियों के चोटिल होने से परेशान

खलील अहमद ने इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पांच मैच खेले, जिसमें उन्होंने दो विकेट लिए, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए और अपने स्पेल की आखिरी गेंद नहीं फेंक पाए। चेन्नई इस सीजन खिलाड़ियों के चोटिल होने से परेशान है। जेमी ओवर्टन भी चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

चेन्नई का लखनऊ से मुकाबला

चेन्नई को शुक्रवार (15 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ना है। उसके 11 मैच में 12 अंक है। वह यह मैच जीतकर प्लेऑफ की रेस में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी। आरसीबी के 12 मैच में 16 अंक हैं। वह अंक तालिका में पहले नंबर पर है। उसका प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय है।

चेन्नई के पास नंबर-3 पर पहुंचने का मौका

चेन्नई सुपर किंग्स शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को हराने पर पंजाब किंग्स से आगे निकल जाएगी, लेकिन उसकी निगाहें सनराइजर्स हैदराबाद से आगे निकलने और टॉप-3 में जगह बनाने पर भी होगी। इसके लिए उसे अपना रनरेट बेहतर करना होगा। पूरी खबर पढ़ें