इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का खिताब जीतने के बाद क्रुणाल पंड्या को मैदान पर ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी खूब प्यार मिल रहा है। इस बीच उनकी पत्नी पंखुड़ी शर्मा की एक भावुक पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है। पंखुड़ी ने इंस्टाग्राम पर क्रुणाल के साथ एक खास तस्वीर साझा की, जिसमें वह आईपीएल ट्रॉफी थामे नजर आ रही हैं, जबकि क्रुणाल पीछे से उन्हें अपनी बांहों में लिए हुए हैं। इस तस्वीर के साथ पंखुड़ी ने ऐसा संदेश लिखा, जिसने ट्रॉफी के पीछे छिपे संघर्ष, त्याग और कठिन दिनों की याद दिला दी।
पंखुड़ी शर्मा ने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘‘लोग जीत और जश्न के पल देखते हैं, लेकिन उन वर्षों को नहीं देख पाते जो इन सफलताओं के पीछे छिपे होते हैं। वे त्याग, निराशाएं, चोटें, खुद पर उठे सवाल और वे क्षण, जब शायद हार मान लेना सबसे आसान रास्ता लगता था। मुझे यह सब बहुत करीब से देखने का सौभाग्य मिला है। मैंने देखा है कि कैसे तुमने निराशा के बजाय विश्वास को चुना, हार को सम्मान के साथ स्वीकार किया, हर असफलता से सीख ली और फिर उसी जुनून के साथ मैदान पर लौटे।’’
पंखुड़ी ने आगे लिखा, ‘‘तुम्हारा खेल के प्रति प्यार कभी नहीं बदला। यही प्यार हर मुश्किल घड़ी में तुम्हारी ताकत बना और तुम्हारे भीतर का सर्वश्रेष्ठ बाहर लेकर आया। मुझे तुम पर गर्व है, सिर्फ इसलिए नहीं कि तुमने जीत हासिल की, बल्कि इसलिए कि जीवन की हर चुनौती ने तुम्हें पहले से ज्यादा मजबूत, समझदार और दृढ़ बनाया।’’
क्रुणाल पंड्या के नाम पांच आईपीएल ट्रॉफी हैं। उनके नाम आईपीएल में एक अनोखा रिकॉर्ड भी दर्ज है। वह टूर्नामेंट के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें दो अलग-अलग आईपीएल फाइनल (2017 और 2025) में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उन्होंने यादगार शुरुआत की थी। साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू मैच में उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था, जो वनडे इतिहास में किसी डेब्यू करने वाले खिलाड़ी द्वारा लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक है।
क्रुणाल ने अपने सफल आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस (MI) के साथ की थी। वह टीम की 2017, 2019 और 2020 की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। इसके बाद वह 2022 से 2024 तक लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेले।
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने उन्हें 5.75 करोड़ रुपये में खरीदा। क्रुणाल ने टीम के भरोसे को सही साबित करते हुए पूरे सीजन में 17 विकेट लिए और आरसीबी को उसके इतिहास का पहला आईपीएल खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ 2025 के फाइनल में उन्होंने 2 विकेट लेकर सिर्फ 17 रन दिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
रोहित शर्मा नंबर 1, क्रुणाल ने की एमएस धोनी-पोलार्ड की बराबरी; ये हैं IPL में सबसे ज्यादा फाइनल जीतने वाले खिलाड़ी
आईपीएल 2026 के फाइनल में आरसीबी की जीत के बाद क्रुणाल पंड्या के नाम खास रिकॉर्ड दर्ज हुए। वह सबसे ज्यादा आईपीएल फाइनल जीतने के मामले में धोनी और पोलार्ड के बराबर पहुंचे। रोहित शर्मा इस लिस्ट में नंबर एक पर हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
