इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में खेलने के लिए जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) से किनारा कर लिया। मुजरबानी को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर जोड़ा। 6 फुट 8 इंच का यह तेज गेंदबाज पीएसएल में इस्लामाबाद यूनाइटेड का हिस्सा था। पीएसएल नीलामी में उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा था। बाद इस्लामाबाद यूनाइटेड ने वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपने साथ जोड़ा था।
मुस्तफिजुर के रिप्लेसमेंट मुजरबानी
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार मुजरबानी ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को पीएसएल 2026 से बाहर होने की जानकारी दे दी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। केकेआर ने 9.2 करोड़ में मुस्तफिजुर को अपने साथ जोड़ा था। मुजरबानी पीएसएल का खिताब जीतने वाली मुल्तान सुल्तान की टीम का हिस्सा रहे हैं।
कॉर्बिन बॉश भी आईपीएल के लिए छोड़ चुके हैं पीएसएल
पीएसएल और आईपीएल लगातार दूसरे साल एक साथ होने वाले हैं। यह दूसरा मामला है जब किसी खिलाड़ी ने आईपीएल में खेलने के लिए पीएसएल को छोड़ा है। साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश को पिछले साल पेशावर जालमी ने डायमंड पिक के तौर पर अपने साथ जोड़ा था, लेकिन बाद में मुंबई इंडियंस ने उन्हें चोटिल खिलाड़ी के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपने साथ जोड़ लिया।
क्या मुजरबानी पर कार्रवाई होगी
कॉर्बिन बॉश पर पीएसएल ने एक सीजन का बैन लगा दिया। मुजरबानी पर भी कोई कार्रवाई होगी या नहीं यह जानकारी सामने नहीं आई है। जिम्बाब्वे के इस तेज गेंदबाज ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। वह 6 मैच में 13 विकेट लेकर संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिम्बाब्वे की जीत में अहम भूमिका निभाई।
