इंडियन प्रीमियर लीग 2023 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) के कैंप से बड़ी जानकारी सामने आई है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर लीग में डेब्यू कर सकते हैं। सीजन शुरू होने से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम के कप्तान रोहित शर्मा और मार्क बाउचर ने बाएं हाथ के ऑलराउंडर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि मैनेजमेंट की निगाहें अर्जुन पर हैं और उन्हें इस साल प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है।
अर्जुन पिछले दो सीजन से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं, लेकिन वह दोनों सीजन में बेंच पर ही बैठे रहे हैं। उन्होंने पिछले रणजी सीजन में डेब्यू पर गोवा के लिए शतक जड़ा था। इसके अलावा गेंदबाजी में भी काफी प्रभावित किया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह भी बात सामने आई कि फिलहाल वह गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। वह चोटिल थे और बुधवार से गेंदबाजी शुरू करेंगे।
रोहित शर्मा और मार्क बाउचर ने अर्जुन तेंदुलकर पर क्या कहा?
पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ” अर्जुन तेंदुलकर हाल के दिनों में अच्छी क्रिकेट खेली है। वह चोटिल थे, लेकिन आज वह अपनी गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे।” वहीं मार्क बाउचर ने कहा, “अर्जुन पिछले कुछ समय से अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं। वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। हमें लगता है कि वह इस साल प्लेइंग 11 में होंगे।”
अर्जुन तेंदुलकर के नाम 32 विकेट
अर्जुन तेंदुलकर ने अब तक अपने करियर में केवल 7 प्रथम श्रेणी, 7 लिस्ट ए और 9 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने 32 विकेट लिए हैं और कुल मिलाकर 268 रन बनाए हैं। मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड ने पिछले साल कहा था कि पांच बार के आईपीएल चैंपियन की प्लेइंग में जगह बनाने के लिए अर्जुन को अभी काफी काम करना है। रोहित शर्मा की टीम के लिए पिछला सीजन अच्छा नहीं रहा था। टीम आखिरी पायदान पर रही थी। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ 2 अप्रैल को अपने अभियान की शुरुआत करेगी।