इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) 31 मार्च से शुरू होगा। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) समेत अन्य टीमों ने तैयारी शुरू कर दी है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली टीम लीग की सबसे सफल टीमों में से एक रही है। वह 4 बार ट्रॉफी जीती है। इंटरनेशनल क्रिकेट से साल 2020 में संन्यास ले चुके माही इस लीग से भी संन्यास ले सकते हैं। ऐसे में सबकी निगाहें 41 साल के क्रिकेटर पर होगी। महेंद्र सिंह धोनी भी तैयारी में जुट गए हैं। वह नेट्स पर खूब पसीना बहा रहे हैं। फ्रेंचाइजी ने एक वीडियो शेयर की है, जिसमें धोनी को बल्लेबाजी करते देखा जा सकता है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने महेंद्र सिंह धोनी का नेट्स पर छक्का लगाते हुए वीडियो शेयर किया है। हर कोई थाला के हैलिकॉप्टर शॉट से परिचित है, लेकिन वह इस शॉट की नहीं बल्कि एक खास शॉट की प्रैक्टिस कर रहे हैं। वह नो लुक सिक्स की प्रैक्टिस कर रहे हैं। वीडियो में यह शॉट लगाते महेंद्र सिंह धोनी दिख सकते हैं। नो लुक सिक्स का मतलब है कि बल्लेबाज हवे में शॉट खेलता है और गेंद की तरफ न देखकर फॉलो अप में नीचे की तरफ देखता है। यह शॉट काफी स्टाइलिश लगता है।
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में खराब प्रदर्शन
बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। टीम ने शुरुआत में रविंद्र जडेजा को कप्तान बनाया था। बीच में कप्तानी में बदलाव किया गया। महेंद्र सिंह धोनी ने टीम की कमान संभाली। जडेजा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। टीम 14 में से 4 मैच जीतकर अंक तालिका में 9वें नंबर पर रही थी। उससे नीचे सिर्फ मुंबई इंडियंस (MI) की टीम थी।
बेन स्टोक्स जैसे खिलाड़ी टीम में
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम ने ऑक्शन में इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और अजिंक्य रहाणे जैसे खिलाड़ियों को खरीदा। टीम को इसके अलावा इस साल दीपक चाहर की भी सेवाएं मिलेंगी। हालांकि, टीम को बड़ा झटका तब लगा जब न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर काइल जेमीसन की चोट उबर आई और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
चेन्नई सुपर किंग्स का स्क्वाड
अंबाती रायडू, दीपक चाहर, डेवोन कॉनवे, ड्वेन प्रीटोरियस, महेश ठीकशाना, मथीशा पथिराना, मिचेल सेंटनर, मोइन अली, एमएस धोनी, मुकेश चौधरी, प्रशांत सोलंकी, राजवर्धन हैंगरगेकर, रवींद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे , सिमरजीत सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, तुषार देशपांडे, भगत वर्मा, अजय मंडल, काइल जैमीसन, निशांत सिंधु, शैक रशीद, बेन स्टोक्स, अजिंक्य रहाणे।