इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 46वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 13 रन से हरा दिया। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। हालांकि, वह एक रन से अपने दूसरे आईपीएल शतक से चूक गए। वह 57 गेंद में 99 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी के दौरान जहां उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा और सचिन तेंदुलकर की बराबरी की। वहीं, एक अवांछित सूची में अपना नाम भी दर्ज कराया। खास यह है कि उस अवांछित सूची में विराट कोहली को नाम भी पहले से दर्ज है।
ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में सचिन तेंदुलकर के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। आईपीएल में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था।
सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल करियर के दौरान अपनी 31वीं पारी में 1000 रन पूरे किए थे। ऋतुराज गायकवाड़ ने भी 31वीं पारी में अपने 1000 आईपीएल रन पूरे किए। इस मामले में सुरेश रैना दूसरे, देवदत्त पडिक्कल तथा ऋषभ पंत संयुक्त रूप से तीसरे, गौतम गंभीर चौथे और रोहित शर्मा तथा महेंद्र सिंह धोनी और अजिंक्य रहाणे संयुक्त रूप से पांचवें नंबर पर हैं।
सुरेश रैना ने 34 पारियों में अपने 1000 आईपीएल रन पूरे किए थे। वहीं, देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 35-35 पारियां खेलीं थीं। गौतम गंभीर ने 36 पारियों में अपने 1000 आईपीएल रन पूरे किए थ। रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी और अजिंक्य रहाणे ने 37-37 पारियां खेलकर अपने 1000 आईपीएल रन पूरे किए थे।
ऋतुराज गायकवाड़ ने 99 रन की पारी के दौरान 6 चौके और 6 छक्के लगाए। वह टी नटराजन की गेंद पर भुवनेश्वर कुमार को अपना कैच थमा बैठे। ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल में 99 रन पर आउट होने वाले 7वें बल्लेबाज हैं। उनसे पहले विराट कोहली, सुरेश रैना, क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, इशान किशन और पृथ्वी शॉ के नाम यह अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है। क्रिस गेल आईपीएल में दो बार 99 रन पर आउट हुए हैं।
आईपीएल 2013 में विराट कोहली डेक्कन चार्जर्स और सुरेश रैना सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 99 रन पर आउट हुए थे। क्रिस गेल आईपीएल 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और 2020 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 99 रन पर आउट हुए थे। आईपीएल 2019 में पृथ्वी शॉ कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ, 2020 में इशान किशन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ, 2021 में मयंक अग्रवाल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक रन से अपना शतक पूरा करने से चूक गए थे।