IPL 2022 STATISTICS: राजस्थान रॉयल्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है, जबकि सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में उसके बल्लेबाज जोस बटलर और गेंदबाज युजवेंद्र चहल शीर्ष पर हैं। यही नहीं, राजस्थान रॉयल्स के ही तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड भी है।
प्रसिद्ध कृष्णा ने आईपीएल 2022 में अब तक सबसे ज्यादा डॉट और सबसे ज्यादा वाइड गेंदें फेंकी हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा मेडन ओवर भी फेंके हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने आईपीएल 2022 में अब तक 13 मचै में 15 विकेट लिए हैं। वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूजी में 16वें नंबर पर हैं।
दूसरी ओर, पंजाब किंग्स के अर्शदीप सिंह ने डेथ ओवर्स में गेंदबाजी करने के मामले में जसप्रीत बुमराह और ड्वेन ब्रावो को पीछे छोड़ दिया है। आईपीएल 2022 में कम से कम 10 ओवर फेंकने वालों गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह ने डेथ ओवर्स में सबसे कम छक्के खाए हैं।
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने इस सीजन अब तक 13 मैच में 10 विकेट लिए हैं। उन्होंने डेथ ओवर्स में सिर्फ एक छक्का खाया है। वहीं, मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह ने इस सीजन डेथ ओवर्स में दो, चेन्नई सुपर किंग्स के ड्वेन ब्रावो और पंजाब किंग्स के कगिसो रबाडा ने डेथ ओवर्स में 3-3 छक्के खाए हैं।
बल्लेबाजी की बात करें तो मुंबई इंडियंस के तिलक वर्मा ने काफी प्रभावित किया है। उन्होंने भी कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। वह मुंबई इंडियंस के लिए सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वह आईपीएल में अपने डेब्यू सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले किशोर बल्लेबाज हैं।
तिलक वर्मा ने अब तक 7 पारियों में 30 रन से ज्यादा का स्कोर किया है। स्पिनर्स के खिलाफ उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा है। उन्होंने अब तक 12 मैच में 40.88 के औसत और 132.85 के स्ट्राइक रेट से 368 रन बनाए हैं। इसमें उन्होंने 189 रन स्पिनर्स के खिलाफ बनाए हैं। वह आईपीएल 2022 में स्पिनर्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं।