गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं। अब राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद का एक-एक मैच बचा है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की 19 मई 2022 की रात गुजरात टाइटंस के खिलाफ 8 विकेट से जीत के बाद पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुके हैं। अब मुकाबला राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स में कोई दो टीम प्लेऑफ में पहुंचेगी। राजस्थान रॉयल्स का भी प्लेऑफ में पहुंचना लगभग पक्का लग रहा है।
राजस्थान रॉयल्स को अपना आखिरी लीग मुकाबला 20 मई 2022 को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलना है। यदि वह यह मैच हार भी जाता है तब भी उसके 16 अंक रहेंगे। उसका नेट रनरेट भी बेहतर (+0.304) है। वह क्वालिफाई करने की स्थिति में होगी। ऐसे में दिल्ली या बैंगलोर में ही किसी एक को बाहर होना पड़ सकता है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत के बाद फाफ डुप्लेसिस रोहित शर्मा एंड कंपनी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की नैया पार लगाना चाहते हैं। डुप्लेसिस ने 19 मई 2022 की जीत के बाद यह इच्छा जाहिर की।
डुप्लेसिस ने गुजरात के खिलाफ जीत के बाद कहा, ‘पूरे सीजन में हम उतना अच्छा नहीं कर पाए, जितना चाहते थे। हालांकि, आपको अब भी इन बड़े खिलाड़ियों का समर्थन करने की जरूरत है। विराट नेट्स में कड़ी मेहनत कर रहे थे। मैं उन्हें उत्साहित करता हूं। मुझे लगता है कि गुरुवार की रात कई कारणों से महत्वपूर्ण थी। आप हमेशा मजबूती से खत्म करना चाहते हैं। कुछ असंगत प्रदर्शनों ने हमें इस स्थिति में डाल दिया है। अब मैं रोहित से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा हूं।’
दरअसल, रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस शनिवार यानी 21 मई 2022 को किंग मेकर की भूमिका में होगी। उसकी जीत या हार प्लेऑफ की चौथी टीम का फैसला करेगी। मतलब या तो दिल्ली कैपिटल्स या फिर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) प्लेऑफ का टिकट कटाएंगे। निश्चित रूप से मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स का मैच बहुत रोमांचक होने वाला है।
ऐसा है प्लेऑफ में पहुंचने का गणित
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के अब 14 मैच में 16 अंक हैं। वह अभी चौथे स्थान पर है। ऋषभ पंत की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स के अभी 13 मैच में 14 अंक हैं। वह 5वें नंबर पर है। दिल्ली कैपिटल्स अगर मुंबई इंडियंस को हरा देती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे। चूंकि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का नेट रनरेट (-0.253) दिल्ली कैपटिल्स (+0.255) और राजस्थान रॉयल्स (+0.304) दोनों से खराब है। ऐसे में फाफ डुप्लेसिस की अगुआई वाली आरसीबी को बाहर का रास्ता देखना होगा।
पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद जीतकर भी रहेंगे बाहर
गुजरात के खिलाफ आरसीबी की जीत के बाद पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदाराबाद की टीमें बाहर हो गईं हैं। पंजाब किंग्स के 13 मैच में 12 अंक हैं। उसका आखिरी मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से है। सनराइजर्स हैदराबाद के भी 13 मैच में 12 अंक हैं। ऐसे में जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वह 14 अंक तक ही पहुंच पाएगी, जो प्लेऑफ में पहुंचने के लिए नाकाफी हैं, क्योंकि पहले से ही 4 टीमें ऐसी हैं, जिनके 14 से ज्यादा अंक हैं।