भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल के सितारी इन दिनों बुलंदियों पर हैं। आईपीएल 2022 के लिए नई फ्रेंचाइजी लखनऊ ने प्रीति जिंटा की पंजाब किंग्स के पूर्व कप्तान को 17 करोड़ रुपए में अपने साथ रखा है। वह इसी के साथ आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे कप्तान के मामले में विराट कोहली के बराबर पहुंच गए हैं। वहीं रोहित शर्मा से एमएस धोनी तक सभी उनसे पीछे हैं।
एक समय था जब उनकी जगह भी टीम में पक्की नहीं थी। यह तक पक्का नहीं था कि अगर वह खेलते हैं तो कहां खेलेंगे। लेकिन किस्मत बदलते देर नहीं लगती आज वह लिमिटेड ओवर में भारत के उपकप्तान हैं। रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में वह वनडे टीम के कप्तान भी बने। अब आईपीएल में भी उनका सिक्का जमकर बोल रहा है। वह लखनऊ की कप्तानी करते नजर आएंगे।
आपको बता दें 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने विराट कोहली को 17 करोड़ रुपए की भारी कीमत पर रिटेन किया था। अब केएल राहुल आईपीएल 2022 में इतनी ही कीमत पर लखनऊ के लिए अपना जलवा बिखेरते दिखेंगे। उनके अलावा संजीव गोयनका की इस फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टॉयनिस (9.2 करोड़) और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (4 करोड़) को रिटेन किया था।
चेन्नई सुपर किंग्स ने एमएस धोनी को 12 करोड़, रवींद्र जडेजा को 16 करोड़, मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को 16 करोड़, अहमदाबाद ने हार्दिक पंड्या और राशिद खान को 15-15 करोड़ की भारी कीमतों पर रिटेन किया है।
RPSG ग्रुप और लखनऊ फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा कि,’केएल राहुल सिर्फ अच्छे बल्लेबाज ही नहीं बल्कि अच्छे विकेटकीपर भी हैं। मार्कस स्टॉयनिस एक ग्रेट फिनिशर, शानदार बॉलर और अच्छे फील्डर हैं। रवि बिश्नोई स्पिन विभाग को मजबूत करेंगे। हमें ऐसे खिलाड़ी चाहिए जो कई साल तक हमारे साथ रहें।’
17 भारतीय खिलाड़ियों का बेस प्राइज 2 करोड़
आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन के लिए 1214 खिलाड़ियों को रजिस्टर किया गया है। इसमें से कई बड़े नाम नदारद हैं वहीं 17 भारतीय खिलाड़ियों को 2 करोड़ के बेस प्राइज पर रखा गया है। इन 17 खिलाड़ियों में रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, युजवेंद्र चहल, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
इसके अलावा 33 खिलाड़ियों को सभी 10 फ्रेंचाइजियों द्वारा रिटेन किया या चुना गया है। वहीं ऑक्शन के लिए रजिस्टर्ड 1214 खिलाड़ियों में से 896 भारतीय और 318 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। आइए देखते हैं किस देश से कितने खिलाड़ियों ने अपना नाम आईपीएल के लिए रजिस्टर करवाया है।
कौन से देश के कितनी खिलाड़ी हुए रजिस्टर्ड?
इस बार जो सबसे खास बात है वह यह की इस बार भूटान के भी एक खिलाड़ी ने रजिस्ट्रेशन कराया है जबकि अमेरिका के रिकार्ड 14 खिलाड़ी रजिस्टर हुए हैं। विदेशों से ऑस्ट्रेलिया के सर्वाधिक 59 और दक्षिण अफ्रीका के 48 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए अपना दावा पेश किया है।
इसके अलावा वेस्टइंडीज (41), श्रीलंका (36), इंग्लैंड (30), न्यूजीलैंड (29) और अफगानिस्तान (20) कुछ अन्य देश हैं जहां से कई खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। नामीबिया (5), नेपाल (15), नीदरलैंड (1), ओमान (3), स्कॉटलैंड (1), जिम्बाब्वे (2), आयरलैंड (3) और संयुक्त अरब अमीरात (1) के खिलाड़ी भी नीलामी का हिस्सा बनेंगे।