इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) में क्रिस गेल, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जो रूट और मिशेल स्टार्क जैसे दिग्गज क्रिकेटर्स नहीं दिखाई देंगे। इन दिग्गजों ने 12 और 13 फरवरी को भारतीय टी20 लीग के 15वें संस्करण के लिए होने वाले मेगा ऑक्शन के लिए जारी खिलाड़ियों की पहली लिस्ट में खुद को उपलब्ध नहीं किया है। वहीं कुल 1214 खिलाड़ी नीलामी के लिए रजिस्टर हो गए हैं।
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह इंग्लैंड और टेस्ट क्रिकेट के लिए आईपीएल का बलिदान करेंगे। लेकिन स्टोक्स और आर्चर की अनुपस्थिति सभी फैंस के लिए एक सरप्राइज है। शुक्रवार रात करीब 1214 खिलाड़ियों की पहली सूची नीलामी के लिए आईपीएल फ्रेंचाइजीज के साथ शेयर की गई थी।
दुनिया के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति पर सहमती जताई है। पैट कमिंस (बेस प्राइज- 2 करोड़), डेविड वार्नर (बेस प्राइज- 2 करोड़), स्टीव स्मिथ (बेस प्राइज- 2 करोड़), ड्वेन ब्रावो (बेस प्राइज- 2 करोड़), क्विंटन डी कॉक (बेस प्राइज- 2 करोड़), फाफ डु प्लेसिस (बेस प्राइज- 2 करोड़) और मार्क वुड (बेस प्राइज- 2 करोड़)। वुड पिछला सीजन नहीं खेल पाए थे।
वहीं साउथ अफ्रीका की पेस बैट्री कगिसो रबाडा (बेस प्राइज- 2 करोड़), लुंगी एनगिडी (बेस प्राइज- 50 लाख) और मार्को यानसन (बेस प्राइज- 50 लाख) भी मेगा ऑक्शन में उपलब्ध रहेंगे। शुरुआती ऐलान के मुताबिक मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होने हैं लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण संशय पैदा हो गया है। BCCI ने भी अपने मेल में जगह और तारीखों को नहीं लिखा है।
आपको बता दें कि जिन 1214 खिलाड़ियों को मेगा ऑक्शन के लिए रजिस्टर किया गया है उसमें 896 भारतीय हैं और 318 विदेशी हैं। इसके अलावा इस लिस्ट में सिर्फ 270 खिलाड़ी ऐसे हैं जो कैप्ड हैं। 903 खिलाड़ी अनकैप्ड हैं और 41 खिलाड़ी नेपाल, यूएई, ओमान, स्कॉटलैंड और नीडरलैंड जैसे एसोसिएट देशों के हैं। 14 खिलाड़ी यूएसए (अमेरिका) के भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
फिलहाल इन 1214 खिलाड़ियों में कुछ बड़े नाम नहीं शामिल हैं। क्रिस गेल को हर भारतीय फैन की आईपीएल में देखने की आदत जैसी पड़ गई थी लेकिन इस बार शायद वह नहीं दिखेंगे। पिछले सत्र में भी उन्होंने सीजन पूरा होने से पहले ही पंजाब किंग्स का साथ छोड़ दिया था। इसके अलावा जो रूट भी पहली बार आईपीएल में नहीं दिखेंगे। वहीं स्टोक्स और आर्चर लगातार एक और सीजन मिस कर सकते हैं।