IPL 2021: रोहित शर्मा से जीत पाएंगे विराट कोहली? 3 साल में 2 बार ही मुंबई को हरा पाया है RCB
IPL 2021 Opening Match: रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने आरसीबी के खिलाफ 14 मैच खेले हैं। इनमें से मुंबई ने 10 में जीत हासिल की है, जबकि 3 मैच उसने गंवाए हैं। एक मैच टाई रहा था।

इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2021 का उद्घाटन मैच शुक्रवार यानी 9 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (MA Chidambaram Stadium) में खेला जाना है। रोहित शर्मा की अगुआई में मुंबई इंडियंस पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी है। विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर अब तक अपनी पहली खिताबी जीत की तलाश में है।
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल (IPL) के 14वें सीजन के उद्घाटन मैच में विराट कोहली की सेना क्या रोहित शर्मा ब्रिगेड को मात दे पाती है। दोनों टीमों के आंकड़ों पर नजर डालें तो रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (Royal Challengers Bangalore) के लिए यह आसान नहीं होगा। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर पिछले 3 साल में 2 बार ही मुंबई इंडियंस को हरा पाया है। आरसीबी (RCB) ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को आखिरी बार 28 सितंबर 2020 को हराया था। उस मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ था। उससे पहले आरसीबी ने मुंबई को एक मई 2018 को हराया था। पिछले 3 साल में दोनों के बीच 6 मैच खेले गए और इनमें से 4 में कोहली सेना को मुंह की खानी पड़ी।
जाहिर है आईपीएल 2021 के पहले मैच में एक ओर जहां रोहित शर्मा अपनी विरासत को बरकरार रखने के इरादे से उतरेंगे। वहीं विराट कोहली की नजर नई विरासत तैयार करने पर होगी। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण लीग का आयोजन जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में होगा और दर्शकों को स्टेडियम में आने की इजाजत नहीं होगी।
मुंबई इंडियंस और आरसीबी की ओवरऑल बात करें तो दोनों के बीच अब तक 27 मैच खेले गए हैं। इनमें से मुंबई इंडियंस ने 17 और आरसीबी ने 9 मैच में जीत हासिल की है। एक मैच टाई रहा था। विराट कोहली की अगुआई में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अब तक 18 मैच खेले हैं। इनमें से उसे सिर्फ 5 में जीत नसीब हुई है, जबकि 12 में हार झेलनी पड़ी है। एक मैच टाई रहा था।
वहीं रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने आरसीबी के खिलाफ 14 मैच खेले हैं। इनमें से मुंबई ने 10 में जीत हासिल की है, जबकि 3 मैच उसने गंवाए हैं। एक मैच टाई रहा था। कोरोनावायरस के कारण चूंकि इस बार हर टीम अपना मैच तटस्थ मैदान पर खेलेगी। मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच तटस्थ मैदान पर अब तक 10 मैच खेले गए हैं। इनमें से दोनों ही टीमों ने 5-5 मैच अपने नाम किए हैं।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), एडम मिल्ने, आदित्य तारे, अनमोलप्रीत सिंह, अनुकूल रॉय, अर्जुन तेंदुलकर, क्रिस लिन, धवल कुलकर्णी, हार्दिक पंड्या, इशान किशन (विकेट कीपर), जेम्स नीशाम, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, मार्को जानसेन, मोहसिन खान, नाथन कूल्टर नाइल, पीयूष चावला, क्विंटन डिकॉक (विकेट कीपर), राहुल चहर, सौरभ तिवारी, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट, युधवीर सिंह। मुख्य कोच: महेला जयवर्धने।
रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर: विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, डेनियल सैम्स, मोहम्मद सिराज, शाहबाज अहमद, फिन एलन, केएस भरत, युजवेंद्र चहल, देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर, नवदीप सैनी, एडम जम्पा, काइल जैमिसन, डैन क्रिश्चियन, ग्लेन मैक्सवेल, सुयश प्रभुदेसाई, सचिन बेबी, पवन देशपांडे, हर्षल पटेल, केन रिचर्डसन, रजत पाटीदार, मोहम्मद अजहरुद्दीन।