एमएस धोनी टी20 मुकाबलों में किसी एक टीम (चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए) 200 मैच में कप्तानी करने वाले पहले भारतीय बन गए। आईपीएल में धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के भी कप्तान रह चुके हैं। आईपीएल में किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वालों की सूची में दूसरे नंबर पर विराट कोहली और तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। हालांकि, ये दोनों उनसे इतने पीछे हैं कि यदि वे अगले पांच साल तक क्रमशः रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और मुंबई इंडियंस कप्तान बने रहे तो भी धोनी की बराबरी नहीं कर पाएंगे।
विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के लिए अब तक 128 मुकाबलों में कप्तानी की है। वहीं, रोहित शर्मा 119 मैच में मुंबई इंडियंस की कमान संभाल चुके हैं। विराट कोहली आईपीएल 2012 में पहली बार कप्तान बने थे। हालांकि, आरसीबी के नियमित कप्तान वह साल 2013 में बने। रोहित शर्मा ने भी पहली बार साल 2013 में ही मुंबई इंडियंस की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी।
धोनी ने आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए 177 मैच में कप्तानी की है। वह चैंपियंस लीग में चेन्नई सुपरकिंग्स की कमान संभाल चुके हैं। उन्होंने चैंपियंस लीग में 23 मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स की कमान संभाली थी। धोनी ने आईपीएल में अब तक 207 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 40.63 के औसत से 4632 रन बनाए हैं। इसमें 23 अर्धशतक भी शामिल हैं। वह आईपीएल में 315 चौके और 216 छक्के लगाए हैं।