मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के 36वें मुकाबले में 51 गेंदों पर 77 रन बनाने वाले किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान केएल राहुल ने इस आईपीएल में अपने 500 रन पूरे कर लिए। वे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में पहले स्थान पर हैं। राहुल के 9 मैच में 525 रन हैं। इस दौरान उनका औसत 75 और स्ट्राइक रेट 135.65 का रहा है। राहुल ने एक शतक और पांच अर्धशतक हैं। दूसरे नंबर पर मयंक अग्रवाल हैं। उनके 9 मैच में 393 रन हैं।
राहुल ने लगातार तीसरे सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। वे आईपीएल में तीन सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और सुरेश रैना को पीछे छोड़ दिया है। राहुल ने 2018 में 14 मैचों में 659 रन और 2019 में 14 मैचों में 593 रन बनाए थे। सचिन ने 2010 और 2011, सुरेश रैना ने 2013 और 2014, विराट कोहली ने 2015 और 2016 में 500 से ज्यादा रन बनाए थे।
किंग्स इलेवन पंजाब ने आईपीएल के 36वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हरा दिया। उसने मैच टाई होने के बाद हुए दो सुपर ओवर में मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही पंजाब की टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई। उसने चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ दिया। पंजाब के 9 मैच में 6 अंक हैं। चेन्नई और राजस्थान के भी 9-9 मैच में 6-6 अंक हैं, लेकिन दोनों टीमें रनरेट के आधार पर पंजाब से नीचे है।
गेंदबाजों की सूची में मोहम्मद शमी तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने मैच में दो विकेट लिए। उनके 9 मैच में 14 विकेट हो गए। शमी ने युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ा। चहल के 9 मैच में 13 विकेट हैं। पहले स्थान पर 9 मैच में 19 विकेट के साथ कगिसो रबाडा काबिज हैं। जसप्रीत बुमराह 9 मैच में 15 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर हैं।
अंकतालिका में टीमों की स्थिति (19 अक्टूबर 2020, सुबह 11:00 बजे तक)
क्रम | टीम | मैच | जीते | हारे | बेनतीजा | पॉइंट | नेट रनरेट |
1 | दिल्ली कैपिटल्स | 9 | 7 | 2 | 0 | 14 | +0.921 |
2 | मुंबई इंडियंस | 9 | 6 | 3 | 0 | 12 | +1.201 |
3 | रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर | 9 | 6 | 3 | 0 | 12 | -0.096 |
4 | कोलकाता नाइटराइडर्स | 9 | 5 | 4 | 0 | 10 | -0.607 |
5 | सनराइजर्स हैदराबाद | 9 | 3 | 6 | 0 | 6 | +0.008 |
6 | किंग्स इलेवन पंजाब | 9 | 3 | 6 | 0 | 6 | -0.262 |
7 | चेन्नई सुपरकिंग्स | 9 | 3 | 6 | 0 | 6 | -0.386 |
8 | राजस्थान रॉयल्स | 9 | 3 | 6 | 0 | 6 | -0.778 |
टॉप-5 बल्लेबाज (19 अक्टूबर 2020, सुबह 11:00 बजे तक)
क्रम | बल्लेबाज | टीम | मैच | रन | हाइएस्ट | स्ट्राइक रेट |
1 | केएल राहुल | पंजाब | 9 | 525 | 132* | 135.65 |
2 | मयंक अग्रवाल | पंजाब | 9 | 393 | 106 | 159.10 |
3 | फाफ डुप्लेसिस | चेन्नई | 9 | 365 | 87* | 142.57 |
4 | शिखर धवन | दिल्ली | 9 | 359 | 101* | 143.02 |
5 | विराट कोहली | बंगलौर | 9 | 347 | 90* | 127.57 |
टॉप-5 गेंदबाज (19 अक्टूबर 2020, सुबह 11:00 बजे तक)
क्रम | गेंदबाज | टीम | मैच | ओवर | विकेट | इकॉनमी | रन |
1 | कगिसो रबाडा | दिल्ली | 9 | 35.4 | 19 | 7.68 | 274 |
2 | जसप्रीत बुमराह | मुंबई | 9 | 36 | 15 | 7.44 | 268 |
3 | मोहम्मद शमी | पंजाब | 9 | 34.4 | 14 | 8.59 | 298 |
4 | युजवेंद्र चहल | बंगलौर | 9 | 34 | 13 | 7.64 | 260 |
5 | जोफ्रा आर्चर | राजस्थान | 9 | 35.4 | 12 | 6.95 | 248 |