Most Sixes in IPL 2020: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में अब तक 634 छक्के लग चुके हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 107 छक्के मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने लगाए हैं। दूसरे नंबर पर राजस्थान रॉयल्स है। राजस्थान के बल्लेबाज अब तक 101 छक्के लगा चुके हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा छक्के खाने के मामले में राजस्थान टॉप पर है। टूर्नामेंट में उसके खिलाफ अब तक 116 छक्के लग चुके हैं। वहीं, मुंबई ही ऐसी टीम है, जिसने सबसे कम 65 छक्के खाए हैं।
यही नहीं, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइटराइडर्स और चेन्नई सुपरकिंग्स ही ऐसी टीमें हैं, जिन्होंने छक्के लगाने के मुकाबले कम छक्के खाए हैं। वहीं, इस सीजन अब तक सबसे कम छक्के सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने लगाए हैं। हैदराबाद की ओर से अब तक सिर्फ 58 छक्के लगे हैं, जबकि उसने 68 छक्के खाए हैं। किंग्स इलेवन पंजाब ने अब तक 93 छक्के मारे हैं, जबकि उसके खिलाफ टीमों ने 95 छक्के लगाए हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स ने अब तक 74 छक्के लगाए हैं, जबकि 72 छक्के खाए हैं।
चेन्नई सुपरकिंग्स ने अब तक 72 छक्के लगाए हैं, जबकि 68 छक्के खाए हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की ओर से अब तक 69 छक्के मारे गए हैं, जबकि उसके गेंदबाजों ने 71 छक्के खाए हैं। रॉयल चैलैंजर्स बंगलौर के बल्लेबाजों ने अब तक 60 छक्के लगाए हैं, जबकि उसके गेंदबाजों ने 79 छक्के खाए हैं।
सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों की सूची के टॉप-5 में 3 बल्लेबाज किंग्स इलेवन पंजाब के हैं। किंग्स इलेवन पंजाब के निकोलस पूरन, क्रिस गेल और केएल राहुल क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे नंबर पर हैं। पूरन ने अब तक 13 मैचों में 25, गेल ने 6 मैचों में 23, राहुल ने 13 मैचों में 22 छक्के लगाए हैं। इस मामले में पहले नंबर पर संजू सैमसन हैं। संजू ने 13 मैचों में 26 छक्के लगाए हैं।
मुंबई इंडियंस की ओर से सबसे ज्यादा छक्के ईशान किशन ने लगाए हैं। ईशान अब तक 10 मैचों में 21 छक्के लगा चुके हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से सबसे ज्यादा छक्के शेन वाटसन ने लगाए हैं। शेन वाटसन ने 11 मैचों में 13 छक्के लगाए हैं। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से सबसे ज्यादा छक्के कप्तान श्रेयस अय्यर ने लगाए हैं। अय्यर के नाम 12 मैचों में 13 छक्के हैं।
इयोन मॉर्गन 13 मैचों में 18 छक्के लगाकर कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों की सूची में टॉप पर हैं। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की ओर से यह उपलब्धि एबी डिविलयर्स के नाम है। डिविलियर्स ने अब तक 12 मैच में 20 छक्के लगाए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से मनीष पांडे ने अब तक छक्के लगाए हैं। वह 12 मैचों में 16 छक्के लगा चुके हैं।