चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल के पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हरा दिया। इस जीत के साथ ही चेन्नई ने मुंबई के खिलाफ 5 मैचों के हार के क्रम को तोड़ दिया। सीएसके की इस जीत में एक अनोखा रिकॉर्ड बना। महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई को 100वीं जीत दिलाई। वे यह उपलब्धि हासिल करने वाले आईपीएल के पहले कप्तान हैं। धोनी इस मैच में 14 महीने बाद पेशेवर क्रिकेट खेलने उतरे। वे खाता खोले बगैर नाबाद रहे। धोनी ने 161 मैच में चेन्नई की कप्तानी की है।
ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो धोनी आईपीएल में 105 मैच जीत चुके हैं। इनमें से 5 मुकाबले पुणे सुपरजाएंट्स के कप्तान के तौर पर जीते थे। चेन्नई पर 2016-17 सीजन में खेलने पर बैन लगा था। तब धोनी को पुणे ने 2016 में कप्तान बनाया था। हालांकि, टीम के खराब प्रदर्शन के कारण 2017 में उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया था। धोनी ने आईपीएल में अपने 175वें मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की। कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा मैच जीतने वालों में गौतम गंभीर दूसरे स्थान पर हैं।
100 wins as @ChennaiIPL Captain for @msdhoni #Dream11IPL #MIvCSK pic.twitter.com/jZ91EcCJyF
— IndianPremierLeague (@IPL) September 19, 2020
गंभीर के नेतृत्व में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम 108 में से 61 मैच जीतने में सफल रही है। तीसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं। रोहित के नेतृत्व में मुंबई की टीम 105 में से 60 मैच जीतने में सफल रही है। कोहली ने अपनी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 110 मैचों में से 49 में जीत दिलाई है। शेन वॉर्न ने 55 मैचों में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की थी। उन्हें 30 मैचों में सफलता मिली।
अबुधाबी में खेले गए आईपीएल के पहले मैच में चेन्नई ने जीत के लिए मिले 163 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। अंबाती रायुडू ने 71 और फाफ डुप्लेसिस ने नाबाद 58 रन बनाए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस मैच में खाता नहीं खोल सके। वे शून्य पर नाबाद रहे। इससे पहले मुंबई ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 162 रन बनाए। उसके लिए सौरभ तिवारी ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए।