श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने 27 जून 2022 को दाम्बुला (Dambulla) के रंगगिरी दाम्बुला इंटरनेशनल स्टेडियम में इतिहास रचा। वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 2000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली श्रीलंका की पहली क्रिकेटर (पुरुष और महिला वर्ग दोनों में मिलाकर) बनीं। श्रीलंका की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले पुरुष क्रिकेटर तिलकरत्ने दिलशान हैं। उनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1889 रन दर्ज हैं। यही नहीं, चमारी अटापट्टू ने अपनी पारी के दौरान भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना को भी पीछे छोड़ दिया।
स्मृति मंधाना श्रीलंका के खिलाफ दूसरे मैच में ही 2000 टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाली भारत की तीसरी महिला क्रिकेटर बनी थीं। अब श्रीलंका की चमारी अटापट्टू ने भी यह भी कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। चमारी के अब 95 टी20 मैच में 2054 रन हो गए हैं। स्मृति मंधाना के 87 टी20 मैच में 2033 रन हैं। चमारी अटापट्टू की शानदार पारी के दम पर ही भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ 6 साल बाद क्लीन स्वीप करने से चूक गई।
भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 4 द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली गईं हैं। इनमें से भारत ने तीन और श्रीलंका ने एक सीरीज अपने नाम की है। भारतीय टीम के पास श्रीलंका में पहली बार क्लीन स्वीप करना का मौका था, लेकिन वह उसने गंवा दिया। इससे पहले भारत ने फरवरी 2016 में श्रीलंका के खिलाफ 3-0 से सीरीज अपने नाम की थी। हालांकि, तब उसने घरेलू मैदान पर यह उपलब्धि अपने नाम की थी।
इस मैच से पहले श्रीलंका की टीम भारत से लगातार 12 टी20 मैच हारी थी। हालांकि, इस बार श्रीलंका ने हार के सिलसिले को तोड़ दिया। तीन मैच की सीरीज के आखिरी टी20 मैच की बात करें तो अटापट्टू की 48 गेंद में नाबाद 80 रन की पारी की मदद से श्रीलंका ने भारत को 7 विकेट से हराया। चमारी अटापट्टू ने अपनी पारी के दौरान 14 चौके और एक छक्का जड़ा। क्लीन स्वीप से बचने के लिए भारत के 139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने 3 ओवर शेष रहते 3 विकेट पर 141 रन बनाकर सांत्वना भरी जीत दर्ज की। इस तरह भारत ने 2-1 से सीरीज अपने नाम की।
भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की 33 गेंद में 3 चौके और एक छक्के से नाबाद 39 रन की पारी के बावजूद 20 ओवर में 5 विकेट पर 138 रन ही बना पाई थी। श्रीलंका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए पहले ओवर में ही विश्मी गुणारत्ने (05) का विकेट गंवा दिया। हर्षिता समरविक्रम (13) ने चमारी के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन राधा यादव ने पांचवें ओवर में उन्हें आउट कर दिया।
चमारी को निलाक्षी डिसिल्वा (28 गेंद में 30 रन) के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। श्रीलंकाई कप्तान ने 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में श्रीलंका की ओर से सबसे तेज अर्धशतक है। चमारी 42 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहीं जब मिडविकेट बाउंड्री पर जेमिमा रोड्रिग्स से उनका कैच छूट गया। उन्होंने इसके बाद लगातार दो चौकों के साथ अर्धशतक पूरा किया।
श्रीलंका को अंतिम 5 ओवर में सिर्फ 18 रन की जरूरत थी। चमारी ने टीम को घरेलू सरजमीं पर भारत पर पहली टी20 जीत दिलाई। दूसरी ओर भारत का क्षेत्ररक्षण फिर निराशाजनक रहा। टीम ने रन आउट के कुछ मौके भी गंवाए। इससे पहले भारतीय टीम ने बीच के ओवरों में धीमी बल्लेबाजी की। स्मृति मंधाना (21 गेंद में 22 रन) और साभिनेनी मेघना (26 गेंद में 22 रन) के विकेट लगातार ओवरों में गंवाने से भारत का स्कोर तीन विकेट पर 51 रन हो गया।
पहले ओवर में शेफाली वर्मा (05) का विकेट गंवाने के बाद स्मृति मंधाना और एस. मेघना ने 41 रन जोड़े, लेकिन रन गति बढ़ाने में नाकाम रहीं। हरमनप्रीत और जेमिमा रोड्रिग्ज (30 गेंद में 33 रन) भी रन गति नहीं बढ़ा पाईं। इससे बीच के ओवरों में भारत 38 गेंद तक बाउंड्री नहीं लगा पाया। जेमिमा 19वें ओवर में पवेलियन लौटीं। हरमनप्रीत कौर ने अपनी पारी में कुछ आकर्षक शॉट लगाए। पूजा वस्त्रकार ने 6 गेंद में 13 रन बनाए। इससे भारत अंतिम 5 ओवर में 49 रन जोड़ने में सफल रहा।