भारतीय जूनियर महिला टीम ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स में पाकिस्तान को बुरी तरह पीटा है। भारत ने पाकिस्तान को पहली पारी में 93 रन पर ही ढेर कर दिया था। उसके बाद 11वें ओवर में ही 59 गेंद शेष रहते हुए मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ टूर्नामेंट के ग्रुप ए की अंकतालिका में भी भारतीय टीम पाकिस्तान से ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

भारत के लिए बल्लेबाजी की बात करें तो टीम इंडिया को पहला झटका शून्य पर ही लग गया था। हुमैरा काजी गोल्डन डक पर आउट हो गई थीं। उनकी साथी ओपनर वृन्दा दिनेश एक छोर संभाले खड़ी रहीं और उन्होंने 29 गेंद पर नाबाद 55 रन बनाए जिसमें 12 चौके शामिल थे। वहीं अनुष्का शर्मा ने 24 रन की पारी खेली। अंत में वृन्दा के साथ तेजल हसबनीस 12 रन बनाकर नॉटआउट रहीं।

इससे पहले गेंदबाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने कमाल का प्रदर्शन किया था। भारत के लिए साइमा ठाकोर ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर दो विकेट लिए। कप्तान राधा यादव ने 3 ओवर में महज 11 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं प्रेमा रावत ने 3 ओवर में 16 रन देकर दो विकेट झटके। जबकि मिन्नू मणि और जिंतीमनी को 1-1 विकेट मिला।

अंकतालिका में भी पाकिस्तान से आगे भारत

आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान आठ टीमों वाले इस टूर्नामेंट के लिए ग्रुप ए में मौजूद हैं। पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नेपाल को हराया था। वहीं भारत ए महिला टीम को यूएई ने हराया था।

अब इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर आ गई है। भारत की इस टूर्नामेंट में पहली जीत थी और भारत ने 10.1 ओवर में मैच जीतकर नेट रनरेट 1.83 कर लिया। इस ग्रुप में यूएई पहले दो मैच जीतकर टॉप पर है।

यह भी पढ़ें: अभिषेक की वापसी, कुलदीप को मिल सकता है मौका; भारत-पाकिस्तान मैच की संभावित प्लेइंग 11
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: कोलंबो में बारिश ने बढ़ाई टेंशन, क्या है मौसम का हाल; पिच का कैसा रहेगा मिजाज
यह भी पढ़ें: ‘No Handshake’ पर संजय मांजरेकर ने की भारत की आलोचना, क्रिकेट फैंस ने सुनाई खरी-खोटी