Aman Sehrawat Gold Medal: भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिर अपना दम दिखाया है। पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत ने हंगरी की राजधानी में बुडापेस्ट में आयोजित पोल्याक इमरे, वर्गा जानोस एंड कोजमा इस्तवान मेमोरियल 2026 रेसलिंग टूर्नामेंट में पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग का स्वर्ण पदक जीत लिया।
अमन सहरावत ने फाइनल में जॉर्जिया के रोबेर्टी डिंगाशविली को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 13-3 से हराया। भारतीय दल के पदकों की संख्या तब बढ़ गई जब दीपक ने 61 किग्रा फ्रीस्टाइल में कड़े मुकाबले के बाद कांस्य पदक जीता। दीपक ने प्लेऑफ में अजरबैजान के नुरद्दीन नोवरुजोव को 9-8 से हराया। दीपक के अलावा विशाल कालीरमाना (पुरुष 65 किग्रा) ने भी कांस्य पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या तीन कर दी।
अप्रैल में एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने के बाद अपने पहले इंटरनेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे अमन सहरावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अमन सहरावत पेरिस 2024 में भारत के सबसे युवा ओलंपिक मेडलिस्ट बने थे।
4 में से 3 जीतें तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हासिल कीं
22 साल के अमन सहरावत ने जॉर्जिया के निकोलोज बोचोरिशविली के खिलाफ 10-0 से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीत हासिल कर अपने अभियान की शुरुआत की। क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान के ओलंपियन मीरामबेक कार्तबे को 10-3 से हराया। सेमीफाइनल में अजरबैजान के मौजूदा यूरोपियन चैंपियन इस्लाम बाजारगानोव को 11-0 से हराया। इस तरह अमन ने 4 में से 3 जीतें तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हासिल कीं।
दीपक ने 0-8 से पिछड़ने के बाद 9-8 से जीता मुकाबला
इस बीच दीपक ने कांस्य पदक मुकाबले में अजरबैजानी पहलवान नुराद्दीन नोवरुजोव के खिलाफ 0-8 से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी की और 9-8 से रोमांचक जीत हासिल की। इससे पहले भारतीय पहलवान क्वार्टर फाइनल में जॉर्जिया के रामिज तुर्मानिद्जे को 7-4 से हराने के बाद सेमी-फाइनल में कजाकिस्तान के असिल ऐताकिन से 2-1 से हार गए थे।
विशाल कालीरमाना ने कजाकिस्तान के ओसुमजान दस्तानबेक को 8-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। वह सेमीफाइनल में ईरान के अहमद इब्राहिमजादेह से क्राइटेरिया के आधार पर हार गए थे। हालांकि, अमन सहरावत, दीपक और विशाल कालीरमाना के अलावा पुरुषों के अन्य फ्रीस्टाइल मुकाबलों में भारत मेडल नहीं जीत पाया।
राहुल क्वार्टर फाइनल में हारे, अभिमन्यु नहीं कर पाए क्वालिफाई
राहुल 57 किग्रा भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल में हार गए, जबकि एशियन चैंपियन अभिमन्यु मंडवाल पुरुषों के फ्रीस्टाइल 70 किग्रा भारवर्ग के क्वालिफिकेशन राउंड में ही बाहर हो गए। एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले पहलवान सागर जगलान (74 किग्रा) और मुकुल दहिया (86 किग्रा), साथ ही अमित (86 किग्रा) अपने-अपने भार वर्ग में पोडियम फिनिश (पदक नहीं जीतना) नहीं कर पाए।
भारत का अभियान गुरुवार 16 जुलाई 2026 को पुरुषों की फ्रीस्टाइल (79 किग्रा, 92 किग्रा, 97 किग्रा और 125 किग्रा कैटेगरी) और महिलाओं (50 किग्रा और 55 किग्रा कैटेगरी) के साथ जारी रहेगा। ओलंपियन दीपक पूनिया (97 किग्रा) भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। पोल्याक इमरे, वर्गा जानोस और कोज्मा इस्तवान मेमोरियल 2026 इस सीजन की चौथी और यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) की आखिरी रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता है।
CWG 2026: 30 पदकों का बड़ा झटका, कुश्ती-बैडमिंटन समेत 6 खेलों के हटने से भारत की मेडल उम्मीदों पर संकट
ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में छह लोकप्रिय खेलों को हटाने का सबसे बड़ा असर भारत पर पड़ सकता है। बर्मिंघम 2022 में इन्हीं खेलों में भारत ने 30 पदक जीते थे। 2014, 2018 और 2022 के रिकॉर्ड बताते हैं कि इन खेलों में भारत का दबदबा रहा है। ऐसे में 2026 में मेडल टैली पर इसका सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
