साल 2025 में मुंबई हाफ मैराथन की फिनिश लाइन पार करते वक्त पूजा आत्माराम के चेहरे पर जीत की चमक थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में तस्वीर बदल गई। स्वर्ण पदक जीतने के बाद जब उन्हें डोप टेस्ट के लिए चुने जाने की सूचना मिली, तो घटनाक्रम ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एक चैपरोन पूजा आत्माराम को डोपिंग कंट्रोल स्टेशन (DCS) की ओर ले जा रहा था। भीड़, थकान और तनाव के बीच वह अचानक दिशा बदलकर भीड़ में गायब हो गई। इसके बाद न तो उनका सैंपल लिया जा सका और न ही अधिकारी पूजा से संपर्क कर पाए।

एंटी-डोपिंग नियमों के तहत सैंपल देने से इनकार या टेस्ट प्रक्रिया से बचना गंभीर उल्लंघन माना जाता है। इसके चलते पूजा आत्माराम को तीन साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। हालांकि, आरोप की सूचना मिलने के एक सप्ताह के भीतर पूजा ने गलती मानते हुए माफी मांगी। इसे ध्यान में रखते हुए एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (Athletics Integrity Unit) ने चार साल के संभावित प्रतिबंध को एक साल घटाकर तीन साल कर दिया।

लंबी दूरी की धाविका हैं पूजा आत्माराम

प्रतिबंध तीन फरवरी से लागू होगा। एआईयू (AIU) ने यह भी कहा कि 23 नवंबर 2025 और उसके बाद के पूजा आत्माराम के नतीजे डिसक्वालिफाई माने जाएंगे। 30 वर्षीय पूजा आत्माराम मुख्य रूप से 5000 मीटर औरयू 10 हजार मीटर स्पर्धाओं में हिस्सा लेती हैं। साल 2024 में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए वह इंडियन ग्रैंड प्रिक्स 2 में तीसरे स्थान पर रही थीं, जो अब तक का उनका उल्लेखनीय प्रदर्शन है।

डोप टेस्ट से बचने को भीड़ में गायब हुईं

एआईयू के विस्तृत फैसले में कहा गया कि रेस समाप्त होते ही एक डोपिंग कंट्रोल ऑफिसर (DCO) और लीड DCO ने उन्हें टेस्टिंग के लिए चुने जाने की जानकारी दी थी। इसके बावजूद पूजा आत्माराम ने डोपिंग कंट्रोल फॉर्म (DCF) पर हस्ताक्षर नहीं किए। इसके बाद चैपरोन के साथ DCS की ओर जाते समय वह अचानक विपरीत दिशा में दौड़ पड़ीं और भीड़ में ओझल हो गईं।

कौन होता है चैपरोन?

खेल में चैपरोन को एथलीट सहायक या पर्यवेक्षक भी कहते हैं। चैपरोन वह अधिकृत व्यक्ति है जो एथलीट्स के साथ रहता है, उनकी देखरेख करता है और उनकी सुरक्षा, भलाई और सही व्यवहार की तस्दीक करता है।

रेस डायरेक्टर और लीड DCO ने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आखिरकार उनका सैंपल एकत्र नहीं किया जा सका। इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई इस साल तीन फरवरी को शुरू हुई। बाद में अपराध स्वीकारने के आधार प्रतिबंध में एक वर्ष की कमी दी गई।

ये खबरें भी पढ़ सकते हैं

AJ Styles की विदाई, अंडरटेकर ने दिया तोहफा; ब्रॉक लैसनर का रेसलमेनिया के लिए ओपन चैलेंज, WWE RAW के नए एपिसोड में क्या-क्या हुआ
महिला टी20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी: 12 टीमें खेलेंगी 33 मुकाबले, पाकिस्तान के खिलाफ मैच से शुरू होगा भारत का अभियान