भारत के शीर्ष टेबल टेनिस स्टार मानव ठक्कर और मानुष शाह भले ही सिंगापुर स्मैश में सिंगल्स में ज्यादा अच्छा परफ़ॉर्म नहीं कर पाए, लेकिन दोनों ने मिलकर साल के दूसरे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। मानव ठक्कर और मानुष शाह ने जर्मनी के मार्टिन एलेग्रो और एड्रियन रैसेनफोस को 3-0 से हराया।

ओलंपिक के बराबर मिलते हैं पॉइंट्स

स्मैश सीरीज टेबल टेनिस का टॉप टियर है। WTT ग्रैंड स्मैश इवेंट्स में ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप के बराबर ITTF रैंकिंग पॉइंट्स होते हैं, इसलिए यह कामयाबी वर्ल्ड सर्किट पर भारत की बढ़त में एक बड़ी छलांग है।

भारतीयों ने जर्मन जोड़ी को 11-8, 11-9, 11-9 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मानव ठक्कर और मानुष शाह डब्ल्यूटीटी ग्रैंड स्मैश के शुरू होने के बाद से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय जोड़ी है।

दूसरे गेम में शुरुआती रुकावट के कारण, सिंगापुर में मेन्स डबल्स में छठी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी 2-5 से पीछे हो गई, लेकिन उन्होंने जल्दी ही काउंटर किया और जर्मन जोड़ी के खिलाफ तेज़ रिटर्न से अटैक करके लगातार 5 पॉइंट लिए और 11-9 से गेम जीत लिया।

भारतीय TT के लिहाज से अहम है 2026

तीसरे गेम में भारतीयों ने 4-0 की लीड ली और उसे बनाए रखा। भारतीय पैडलर्स (टेबल टेनिस खिलाड़ी) के लिए साल 2026 काफी अहम है। इस साल एशियाई खेल भी होने हैं। एशियाई खेलों के पिछले संस्करण (चीन के हांगझू में आयोजित) में भारत की अयहिका मुखर्जी और सुतीर्था मुखर्जी ने महिला युगल में कांस्य पदक जीता था।

सिंगल्स में हार गए मानव ठक्कर

मानव ठक्कर और मानुष शाह सिंगल्स में भारत के शीर्ष टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। सेमीफाइनल में अब भारतीय जोड़ी की भिड़ंत चौथी वरीयता प्राप्त फ्रांस की शीर्ष जोड़ी फेलिक्स लेब्रन और एलेक्सिस लेब्रन से होगा।

मानव ठक्कर मेन्स सिंगल्स के पहले राउंड में चीन के हुआंग यूझेंग से हार गए थे। उन्होंने दूसरा गेम 11-9 से जीता, इसके बाद अगले दोनों गेम 6-11, 3-11 से हार गए। पहला गेम 8-11 से गंवाया था।

मनिका बत्रा और श्रीजा अकुला हारीं

इससे पहले महिला सिंगल्स में श्रीजा अकुला राउंड ऑफ 64 में वेल्श की एना हर्सी से 8-11, 5-11, 11-8, 5-11 से हार गईं, जबकि मनिका बत्रा मकाऊ की झू यूलिंग से 10-12, 8-11, 11-4, 9-11 से हार गईं। दिया चितले-यशस्विनी घोरपड़े की भारतीय जोड़ी राउंड ऑफ़ 16 में कोरिया की मियू नागासाकी-शिन यूबिन से 0-3 (9-11, 4-11, 5-11) से हार गईं।

ये खबरें भी पढ़ सकते हैं

T20 World Cup: श्रीलंका बाहर, लेकिन पाकिस्तान अब भी बना सकता है सेमीफाइनल में जगह, ये है पूरा गणित
T20 World Cup 2026 Points Table: न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका मैच के बाद अंक तालिका, टॉप-5 बल्लेबाज और गेदबाज