पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले की तैयारियों के बीच भारत के दिग्गज एमएमए फाइटर संग्राम सिंह ने गुरुवार दो जुलाई 2026 को पाकिस्तानी एथलीटों की मानसिकता को उजागर किया। संग्राम सिंह ने आरोप लगाया कि मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ी अक्सर खेल भावना के विपरीत जाकर अनुचित हथकंडे अपनाते हैं।
संग्राम सिंह 19 जुलाई को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में होने वाली मलेशिया स्ट्राइक एमएमए चैंपियनशिप में पाकिस्तान के आबिद अली से एशिया चैंपियनशिप टाइटल के लिए फाइट में उतरेंगे।
संग्राम सिंह ने बताया, ‘‘पाकिस्तानी खिलाड़ी अनैतिक होते हैं। वे गलत तरीकों से जीतने के हथकंडे अपनाते हैं, लेकिन जब मैं भारत का प्रतिनिधित्व करता हूं तो यह सुनिश्चित करता हूं कि मैं शांत रहूं। मैं उनके तरह गिर नहीं सकता। मेरी जिम्मेदारी देश की गरिमा और सम्मान को बनाए रखना है।’’
अनुभवी पहलवान संग्राम सिंह ने यह भी कहा कि वह रिंग के बाहर की बयानबाजी के बजाय अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उनका मानना है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए अत्यधिक संयम और अनुशासन की आवश्यकता होती है। संग्राम सिंह ने कहा कि वह मैच के दौरान किसी भी उकसावे में आने के बजाय अपनी प्रतिभा और दांव-पेच से ही विरोधियों को करारा जवाब देंगे।
‘साक स्ट्रीट’ ने एमएमए एथलीट संग्राम को ब्रांड दूत बनाया है। ‘फिट इंडिया’ आइकन ने कहा, ‘‘हर एथलीट का सफर अनुशासन, निरंतरता और लगातार बेहतर करने की इच्छा पर टिका होता है। इन सभी चीजों ने कुश्ती और एमएमए में मेरा मार्गदर्शन किया है। ‘साक स्ट्रीट’ का यही फलसफा मुझे व्यक्तिगत लगा।’’
संग्राम सिंह ने यह भी कहा, ‘‘35-36 साल की उम्र में कई खिलाड़ी खेल से संन्यास ले लेते हैं, लेकिन मेरा मानना है जब तक आपके शरीर में जान है, आपका प्रदर्शन उम्दा है, तब तक आप खेलते रहो। जब लगे कि आप खेल में थक रहे हैं या प्रदर्शन में गिरावट दर्ज की जा रही है, तब आपको संन्यास ले लेना चाहिए।’’ उन्होंने यह भी कहा कि मैं फिट रहने के लिए शाकाहारी भोजन लेता हूं। सुबह-शाम व्यायाम करता हूं। खुश रहता हूं। कोई तनाव नहीं लेता।’’
भारत बनाम पाकिस्तान: MMA के अखाड़े में भिड़ेंगे संग्राम सिंह और आबिद अली, एशिया चैंपियन के लिए होगी जंग
भारत-पाकिस्तान की जंग अब MMA के अखाड़े में नजर आएगी। संग्राम सिंह और पाकिस्तान के आबिद अली के बीच होने वाली एशिया चैंपियनशिप टाइटल फाइट को लेकर दुनियाभर के प्रशंसकों में उत्साह है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
