डिफेंडर अनमोल इक्का पांच से 18 जुलाई तक होने वाले बेल्जियम दौरे पर 22 सदस्यीय भारतीय जूनियर (अंडर-21) पुरुष हॉकी टीम की कप्तानी करेंगे। यह दौरा फ्रांस के कोच फ्रेडरिक सोयेज के मार्गदर्शन में टीम की पहली प्रतियोगिता होगी और इस साल के आखिर में होने वाले जूनियर एशिया कप से पहले तैयारी का एक अहम चरण होगा। दौरे के दौरान युवा भारतीय टीम यूरोप की कुछ सबसे मजबूत टीमों का सामना करेगी।

भारतीय टीम ऑस्ट्रिया और बेल्जियम के खिलाफ दो-दो जबकि जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी। इस दौरे से टीम को अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का बहुमूल्य अनुभव मिलने की उम्मीद है। साथ ही महाद्वीपीय टूर्नामेंट से पहले टीम को अपने संयोजन और खेलने के तरीके को परखने में भी मदद मिलेगी। गोलकीपर के रूप में विवेक लाकड़ा और कुणाल तेवतिया को टीम में जगह मिली है जबकि अनमोल रक्षापंक्ति की कमान संभालेंगे जिसमें रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, प्रशांत बारला, संजीत टिर्की और वी मणिमारन भी शामिल हैं।

मन्नू मलिक और रितिक लाकड़ा भी टीम में

मिडफील्ड की जिम्मेदारी एडरोहित एक्का, हरपाल, जीतपाल, मुकेश टोप्पो, मन्नू मलिक और रितिक लाकड़ा संभालेंगे। अग्रिम पंक्ति में अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, अर्जुन हरगुडे, आर्यन सेस, लवनूर सिंह, मोहम्मद कोनैन दाद और गुरुसेवक सिंह शामिल हैं। अनमोल, एडरोहित, यादव और कुल्लू उस भारतीय टीम का भी हिस्सा थे जिसने पिछले साल तमिलनाडु में जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक जीता था।

कोच सोयेज क्या बोले

कोच सोयेज ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि यह दौरा हमें कई स्तरों पर आगे बढ़ने में मदद करेगा। पहला, हमारे खेल के मामले में – हमारे तालमेल, रणनीतिक अनुशासन और अहम पलों में हमारी दक्षता को बेहतर बनाकर। फिर मानवीय पक्ष पर – समूह के भीतर एकता और आत्मविश्वास को मजबूत करके। आखिर में मुझे उम्मीद है कि यह दौरा खिलाड़ियों को शीर्ष स्तरीय अंतरराष्ट्रीय हॉकी की जरूरतों और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए हमें क्या करने की जरूरत है, इसकी बेहतर समझ देगा।’ भारत सात और आठ जुलाई को ऑस्ट्रिया का सामना करेगा और उसके बाद 10 जुलाई को मेजबान बेल्जियम से भिड़ेगा। टीम इसके बाद 13 जुलाई को जर्मनी से, 14 जुलाई को बेल्जियम से और 17 जुलाई को नीदरलैंड से खेलेगी।

टीम इस प्रकार है

गोलकीपर: विवेक लाकड़ा, कुणाल तेवतिया।

डिफेंडर: अनमोल इक्का, रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, प्रशांत बारला, संजीत टिर्की, वी मणिमारन।

मिडफील्डर: एडरोहित इक्का, हरपाल, जीतपाल, मुकेश टोप्पो, मन्नू मलिक, रितिक लाकड़ा।

फारवर्ड: अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, अर्जुन हरगुडे, आर्यन सेस, लवनूर सिंह, मोहम्मद कोनैन दाद, गुरुसेवक सिंह।

नेशंस कप खिताब से FIH रैंकिंग तक

नेशंस कप खिताब जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम और एफआईएच प्रो लीग में चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद पुरुष टीम ने ताजा विश्व रैंकिंग में टॉप-10 में अपनी जगह बरकरार रखी है। पुरुष टीम 8वें और महिला टीम 9वें स्थान पर कायम है। पूरी खबर पढ़ें