खेलनामा की किताबगाथा के पिछले अंक में आपने कपिल देव और सुनील गावस्कर के तल्ख रिश्तों के बारे में पढ़ा। इस अंक में हम बताएंगे कि कैसे 1983 वर्ल्ड कप जीतने के बाद खिलाड़ियों की कमाई प्रायोजन और प्रचार से होने लगी। इससे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और खिलाड़ियों के बीच तकरार बढ़ गया। खिलाड़ियों के बीच मनमुटाव पैदा हो गया। बात सचिन तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आगमन से पहले की है।

सितंबर 1989 में हिमाचल प्रदेश के ऊना में वेस्ट जोन और सेंट्रल जोन के मैच में सचिन तेंदुलकर खेले थे। इसके बाद उन्हें पाकिस्तान दौरे पर भारतीय टीम में चुना गया था। इस मैच से पहले बीसीसीआई ने क्रिकेटर कपिल देव, दिलीप वेंगसरकर, रवि शास्त्री, मोहम्मद अजहरुद्दीन, किरन मोरे और अरुण लाल पर से एक साल का प्रतिबंध हटा लिया। भारत के इन छह शीर्ष खिलाड़ियों पर क्यों बैन लगा था? इसके बार में वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप मैगजीन ने अपनी किताब ‘नॉट जस्ट क्रिकेट’में विस्तार से लिखा है।

भारत के छह शीर्ष क्रिकेटर बैन

प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘जब तेंदुलकर अपने आगे चलकर शानदार बनने वाले करियर की शुरुआत कर रहे थे, तब भारतीय क्रिकेट का भविष्य अंधकारमय लग रहा था। ऊना मैच से कुछ दिन पहले, सुप्रीम कोर्ट के दबाव में आकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को भारत के छह शीर्ष क्रिकेटर कपिल देव, दिलीप वेंगसरकर, रवि शास्त्री, मोहम्मद अजहरुद्दीन, किरन मोरे और अरुण लाल पर लगा प्रतिबंध हटाना पड़ा। इन खिलाड़ियों पर यह प्रतिबंध इसलिए लगाया गया था क्योंकि उन्होंने बीसीसीआई की अनुमति के बिना अमेरिका में एक प्रदर्शनी मैच खेला था। इस प्रतिबंध ने पूरे देश को चौंका दिया था। खिलाड़ियों को बोर्ड के खिलाफ खड़ा कर दिया था। यह 1983 विश्व कप जीत के बाद से चल रहे एक लंबे संघर्ष का नतीजा था। उस जीत ने खिलाड़ियों के लिए अपनी कमाई बढ़ाने के नए रास्ते खोल दिए थे।’

क्यों हुआ विवाद

प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘टॉप क्रिकेटरों की स्टार हैसियत के कारण बड़ी-बड़ी कंपनियों ने अपने उत्पादों के प्रचार के लिए उनसे संपर्क करना शुरू कर दिया। 1984 से 1989 के बीच खिलाड़ियों और बोर्ड के बीच कई मुद्दों जैसे कि कपड़ों पर लोगो का इस्तेमाल, अखबारों में कॉलम लिखना या निजी तौर पर प्रायोजित प्रदर्शनी मैचों में खेलने पर विवाद हुए। इस विवाद की मुख्य वजह वह पैसा था जो खिलाड़ी बोर्ड से अलग कमा रहे थे और जिस पर कोई नियमन या नियंत्रण नहीं था। इससे खिलाड़ियों की ताकत बढ़ गई। उन्होंने अपने लिए बेहतर सौदे तय करने के लिए अपना एक संगठन बना लिया। वहीं, बोर्ड को डर था कि खेल के वित्तीय मामलों पर उसका नियंत्रण खत्म हो जाएगा। पैसों से जुड़े इन मामलों ने न केवल बोर्ड को खिलाड़ियों के खिलाफ खड़ा कर दिया, बल्कि खुद खिलाड़ियों के बीच भी मनमुटाव पैदा कर दिया, क्योंकि जिन खिलाड़ियों की स्टार वैल्यू ज्यादा थी, उन्हें अपने साथियों के मुकाबले कहीं ज्यादा पैसे मिल रहे थे।’

खिलाड़ियों के बागी तेवर

प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘मैं खुद इन विवादों का गवाह नहीं था, लेकिन वरिष्ठ पत्रकार अक्सर ऐसी रिपोर्टें देते थे कि कैसे पैसों से जुड़े ये सौदे क्रिकेट जगत के आपसी तालमेल को खराब कर रहे थे। यह कहना गलत नहीं होगा कि पैसों को लेकर हुए इन विवादों और खिलाड़ियों के बागी तेवरों की वजह से ही बोर्ड को 1987 से 1989 के दो सालों के भीतर तीन बार कप्तान बदलना पड़ा। कपिल, वेंगसरकर और श्रीकांत, कप्तानी की इस ‘म्यूजिकल चेयर’ का हिस्सा रहे। जल्द ही, टूर्नामेंट के बाद प्रायोजकों द्वारा क्रिकेटरों को बड़े-बड़े चेक या लग्जरी कारें इनाम में देने के दृश्य हमारे घरों तक लाइव पहुंचने लगे। ये दृश्य एक ऐसे नए उभरते भारत की पहचान बन गए, जहां अपनी दौलत का दिखावा करना एक आम बात होती जा रही थी।’

क्यों बैन हुए खिलाड़ी

प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘क्रिकेट की कमर्शियल वैल्यू बढ़ने के साथ, कपिल और गावस्कर के नेतृत्व में खिलाड़ी अब अपना वह हिस्सा छोड़ने को तैयार नहीं थे, जिसे वे अपना जायज हक मानते थे। 1989 में वेस्टइंडीज के खराब दौरे के बाद जब वेंगसरकर ने अपनी ही टीम के कुछ खिलाड़ियों पर वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों का सामना करने से बचने का आरोप लगाया था तब भारतीय टीम के कुछ सदस्यों ने बोर्ड के आदेश को मानने से मना कर दिया। वे अमेरिका चले गए और वहां निजी तौर पर प्रायोजित ‘मसाला मैचों’ की एक सीरीज खेली। ये मैच निजी संस्थाओं द्वारा आयोजित किए गए थे, जिनमें भारत के बेहतरीन खिलाड़ी शामिल थे। इसके चलते बोर्ड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छह खिलाड़ियों को एक साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया। खिलाड़ियों ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, जहां सुनवाई के दौरान कोर्ट ने बोर्ड के खिलाफ काफी सख्त टिप्पणियां कीं। जनता और कोर्ट का रुख भांपते हुए, बोर्ड ने खिलाड़ियों पर लगाए गए प्रतिबंध और जुर्माने वापस ले लिए।’

बोर्ड को सौदों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी

प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘1983 में भारत के विश्व कप जीतने से पहले ही, कुछ कंपनियों ने खेल की लोकप्रियता की कमर्शियल वैल्यू को समझ लिया था। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने लोगो वाली शर्ट पहनने के बदले पैसे देना शुरू कर दिया। माना जाता है कि बोर्ड को इन सौदों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। प्रायोजित शर्ट पहली बार 1982 में भारतीय टीम के पाकिस्तान दौरे पर देखी गई थीं। उस सीरीज में खेलने वाले कुछ खिलाड़ियों का कहना था कि एक सीनियर खिलाड़ी ने प्रायोजकों के साथ यह सौदा तय किया था। उसने 25,000-25,000 रुपये देने का वादा किया था। उस समय यह एक बहुत बड़ी रकम थी, जो लगभग उतनी ही थी जितनी बोर्ड एक पूरी सीरीज के लिए हर खिलाड़ी को देता था। हालांकि, खिलाड़ियों को प्रायोजक द्वारा वादा किया गया वह पैसा कभी नहीं मिला।’

स्टार खिलाड़ियों की कमर्शियल वैल्यू काफी बढ़ गई

प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘विश्व कप जीतने के बाद, भारतीय क्रिकेट और इसके स्टार खिलाड़ियों की कमर्शियल वैल्यू काफी बढ़ गई। खिलाड़ी अपने कपड़ों और बल्लों पर लोगो दिखाने के लिए प्रायोजकों के साथ अलग-अलग अनुबंध करने लगे। उस समय ऐसे सौदों को नियंत्रित करने के लिए कोई नियम या कानून नहीं थे और ऐसी बातें सामने आने लगीं कि खिलाड़ी लालची हो रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच ईर्ष्या और प्रतिस्पर्धा पैदा हो गई और हर कोई अपने लिए सबसे अच्छा सौदा हासिल करने की कोशिश करने लगा। टकराव और विवाद की स्थिति बनने लगी, जिसके चलते बोर्ड को खिलाड़ियों के अनुबंधों में प्रायोजन से जुड़े स्पष्ट नियम शामिल करने पड़े।’ क्रिकेट और खेलत से जुड़े ऐसे ही किस्सों के लिए जनसत्ता के खेलनामा से जुड़े रहें। अगले अंक में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़ा किस्सा जानेंगे।

रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन क्या टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए पर्याप्त

रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बावजूद शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, मुशीर खान और आर साई किशोर जैसे खिलाड़ियों को टीम इंडिया में मौका क्यों नहीं मिल रहा? यह सवाल खड़े करता है कि क्या रणजी ट्रॉफी का महत्व अब कम हो रहा है? क्या आज भी रणजी का प्रदर्शन भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए पर्याप्त है? पढ़ें पूरा विश्लेषण