भारत में बैडमिंटन स्टार बनना जितना चमकदार दिखता है, उसकी राह उतनी ही कठोर और अक्सर अनदेखी रहती है। बड़े मंच पर जीत के बाद जिन खिलाड़ियों पर फूल बरसते हैं, वही खिलाड़ी कभी छोटे टूर्नामेंटों के दौरान होटल का खर्च तक नहीं उठा पाते, गर्मियों में छतों पर सोते हैं और सफर के बीच पेट भरने की चिंता से जूझते हैं। कई परिवारों के लिए यह खेल सिर्फ जुनून नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली आर्थिक परीक्षा है, जहां जेवर गिरवी रखने पड़ते हैं, घरों का बंटवारा हो जाता है और वर्षों तक छुट्टियां टलती रहती हैं।
जूनियर स्तर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर शटल, रैकेट, कोर्ट फीस और यात्रा खर्च के बीच संतुलन बनाने की जद्दोजहद से भरा होता है। जिस उम्र में खिलाड़ी अपने खेल को निखार रहे होते हैं, उसी समय उनके माता-पिता कर्ज, त्याग और अनिश्चित भविष्य के बीच फैसले ले रहे होते हैं। यह वह कड़वी सच्चाई है, जो अक्सर जीत के जश्न के पीछे छिप जाती है, जहां हर उभरते सितारे के पीछे भूख, कर्ज और अडिग विश्वास का लंबा संघर्ष होता है।
छत पर नींद और बंटते परिवार: ऐसे शुरू होता है बैडमिंटन का सफर
पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन मिथुन मंजूनाथ के संघर्ष की कहानी इसी सच्चाई को सामने लाती है। जूनियर दिनों में छोटे टूर्नामेंट खेलने के दौरान कई बार वे पंखे वाले साधारण होटल का कमरा भी नहीं ले पाते थे। चिपचिपी गर्मियों में वे कपड़ों पर पानी डालकर खुले छतों पर सो जाते थे, ताकि किसी तरह अगला मैच खेलने की ताकत जुटा सकें। आयुष शेट्टी के परिवार की कहानी भी कम अलग नहीं है। आर्थिक मजबूरियों के चलते उनका परिवार बंट गया। पूरा परिवार उडुपी से बेंगलुरु शिफ्ट नहीं हो सका और उनके पिता को अकेले ही वहीं रहना पड़ा ताकि बेटे का सपना जारी रह सके।
जब मां बनी फिजियो, पिता बने अंपायर: ऐसे चलता है सपनों का खर्च
महिला सिंगल्स की कई खिलाड़ियों के घरों में हालात ऐसे हैं कि उनकी माताएं खुद ही फिजियो की भूमिका निभाने लगती हैं। वे पोषण, मसाज तकनीक और एंकल टेपिंग के क्रैश कोर्स सीखती हैं, क्योंकि ट्रैवलिंग फिजियो का खर्च उठाना संभव नहीं होता। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के पिता का उदाहरण बताता है कि यह संघर्ष कितना गहरा होता है। वे स्थानीय टूर्नामेंटों में लाइनसमैन और चेयर अंपायर बनते थे, ताकि बेटे के बार-बार टूटने वाले रैकेट स्ट्रिंग्स का खर्च निकाला जा सके। यह एक ऐसा खर्च है जो बेटे के करियर के लिए बेहद जरूरी था।
अकेलापन, भूख और सवाल: जीत के बाद भी खत्म नहीं होता संघर्ष
त्रिसा जॉली की कहानी भी इस संघर्ष की एक और परत खोलती है। घर से दूर अकेले रहकर अभ्यास करना, हॉस्टल की समयसीमा चूक जाने पर भूखे रहना, यह सब उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता के बावजूद, आर्थिक आत्मनिर्भरता अब भी उनके लिए एक अधूरा सपना है। विडंबना यह है कि जब यही खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीतते हैं तो उन्हें सिर आंखों पर बैठाया जाता है, लेकिन जैसे ही प्रदर्शन में गिरावट आती है, सवाल उठने लगते हैं। यहां तक कि विश्व चैंपियनशिप पदक विजेताओं को भी संन्यास लेने की सलाह दी जाती है, उम्र को लेकर ताने दिए जाते हैं।
‘दुखभरी कहानी’ नहीं, यही है चैंपियन बनने की असली कीमत
इन्हें अक्सर खेल की ‘दुखभरी कहानी’ कहकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जैसे ये सिर्फ भावनात्मक कहानियां हों। हालांकि, सच यह है कि यही कहानियां एक खिलाड़ी बनने की असली कीमत को बयां करती हैं। भारत एक ‘परफेक्ट चैंपियन’ चाहता है, जो सिर्फ जीत के बाद बोले, हमेशा विनम्र रहे और अपने परिवार के संघर्षों को पीछे छोड़ दे, लेकिन यह उम्मीद उस हकीकत से टकराती है, जहां एलीट खेल बेहद महंगा है और हर कदम पर पैसे की चुनौती खड़ी रहती है। असल तस्वीर कहीं ज्यादा कठोर है। सेकेंड-हैंड रैकेट इस्तेमाल किए जाते हैं और महंगे शटल को दोबारा इस्तेमाल करने के लिए बचाया जाता है।
महंगा होता खेल, टूटते सपने: बैडमिंटन अब मध्यमवर्ग की पहुंच से दूर
बैडमिंटन अब मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए भारी पड़ता जा रहा है। हैदराबाद से बेंगलुरु, मुंबई से जोधपुर और असम से चेन्नई तक कोच चेतावनी दे रहे हैं कि शटल की बढ़ती कीमतें अकादमियों के संचालन को मुश्किल बना रही हैं। इसका सीधा असर माता-पिता पर पड़ रहा है और धीरे-धीरे यह खेल कई परिवारों की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। सरकारी नौकरियों के अवसर कम होते जा रहे हैं, फीस बढ़ रही है और ट्रेनिंग का खर्च लगभग दोगुना हो चुका है। नतीजा यह है कि कई खिलाड़ी बीच में ही खेल छोड़ देते हैं। खासतौर पर तब जब जूनियर स्तर पर उन्हें तुरंत सफलता नहीं मिलती।
खर्च का बोझ और जिद का सहारा: ऐसे टिके रहते हैं सपने
कोर्ट बुकिंग, लगातार शटल की जरूरत, रैकेट और जूते; ये सभी खर्च एक परिवार के बजट को हिला देने के लिए काफी होते हैं। जब तक किसी खिलाड़ी को शुरुआती उम्र से मजबूत स्पॉन्सरशिप नहीं मिलती, तब तक 17-18 साल की उम्र तक उन्हें अपने दम पर ही संघर्ष करना पड़ता है। कुछ खिलाड़ी हार मान लेते हैं, जबकि कुछ जिद पर टिके रहते हैं। वे रिश्तेदारों के ताने सुनते हैं, अनिश्चित भविष्य के साथ जीते हैं और फिर भी अपने सपनों को नहीं छोड़ते।
सपना दिखता आसान है पर रास्ता है बेहद महंगा
साइना नेहवाल और पीवी सिंधु जैसी असाधारण सफलताओं ने इस सपने को संभव जरूर दिखाया है, लेकिन उस रास्ते की असली कीमत पर बहुत कम चर्चा होती है। ज्यादातर लोगों ने पीवी सिंधु को 2016 ओलंपिक के दौरान जाना, लेकिन उससे पहले उनके करियर को संभालने में कितना संघर्ष और खर्च आया, इसको शायद ही कोई जानता है। कई खिलाड़ी किशोरावस्था तक कोशिश करते हैं और फिर टूटकर खेल छोड़ देते हैं। यह और भी दर्दनाक हो जाता है, जब पूरे परिवार की जिंदगी इस संघर्ष में झोंक दी जाती है।
सिर्फ कहानी नहीं, हर मेडल के पीछे की है सच्चाई
शायद यह किसी के लिए ‘एक और संघर्ष की कहानी’ हो, लेकिन सच्चाई यही है कि हर उभरते खिलाड़ी के पीछे ऐसे ही सैकड़ों अनकहे संघर्ष खड़े होते हैं। चाहे ये कहानी सौवीं बार ही क्यों न सुनाई जाए, इसे बताया जाना जरूरी है, क्योंकि यहीं से समझ आता है कि एक पदक के पीछे सिर्फ मेहनत नहीं, बल्कि पूरा जीवन दांव पर लगा होता है।
WWE WrestleMania 42: क्या ओबा फेमी से हारकर ब्रॉक लैसनर रिटायर? रिंग में रोते हुए छोड़े सभी गीयर; रोमन रेंस बने चैंपियन
WWE WrestleMania 42 की नाइट 2 में ब्रॉक लैसनर को ओबा फेमी के सामने हार झेलनी पड़ी। इसके बाद लैसनर ने कंपनी से रिटायरमेंट के संकेत भी दिए और बेहद भावुक नजर आए। रोमन रेंस ने भी वर्ल्ड हेविवेट चैंपियनशिप टाइटल अपने नाम किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
