भारत के शीर्ष भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा को शनिवार (20 जून) को पहली बार आयोजित भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कार समारोह में साल 2025 के ‘सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक और उसके बाद पेरिस में रजत पदक जीतने वाले चोपड़ा ने कहा कि यह सम्मान उनके दिल के बहुत करीब है क्योंकि यह अलग-अलग पीढ़ियों के खिलाड़ियों की मौजूदगी में मिला है।

चोपड़ा ने कहा, ‘यह पुरस्कार मेरे दिल के बहुत नजदीक है। यहां एथलीटों की पुरानी और नयी पीढ़ी मौजूद है। उनके सामने यह पुरस्कार पाकर मैं बहुत खुश हूं।’ चोपड़ा ने शुक्रवार रात दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लिया था, जहां 28 साल के इस खिलाड़ी ने अपने तीसरे प्रयास में 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और सत्र की पहली प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रहे।

पीटी उषा को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार

चोपड़ा दोहा से इस समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे। वहीं साल की ‘सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट’ का पुरस्कार पारुल चौधरी को मिला जो 3000 मीटर स्टीपलचेज में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी हैं। मशहूर धाविका और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार

एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पूर्व डेकाथलीट गुरबचन सिंह रंधावा, राष्ट्रीय टीम के पूर्व मुख्य कोच बहादुर सिंह चौहान और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली लंबी कूद एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज को भी यह सम्मान मिला। पहले पुरस्कार समारोह में 10 वर्ग शामिल थे, जिनमें सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष और महिला), सर्वश्रेष्ठ कोच, सर्वश्रेष्ठ तकनीकी अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ राज्य संघ और ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार शामिल हैं।

दोहा डायमंड लीग में चौथे नंबर पर रहे नीरज चोपड़ा

नीरज चोपड़ा ने 2026 दोहा डायमंड लीग में चौथा स्थान हासिल किया और उनका बेस्ट थ्रो इस इवेंट में 85.69 मीटर का रहा। हालांकि उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया। पूरी खबर पढ़ें