भारतीय महिला हॉकी टीम ने FIH महिला नेशंस कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत यादगार जीत के साथ की। पूल ए के अपने पहले मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में दो गोल से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए अमेरिका को 3-2 से शिकस्त दी।
अमेरिका ने मुकाबले में तेज शुरुआत की और चौथे मिनट में एश्ले सेसा के फील्ड गोल की मदद से 1-0 की बढ़त हासिल की। इसके बाद सातवें मिनट में मेडेलीन जिमर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अमेरिका की बढ़त दोगुनी कर दी।
दीपिका ने खोला भारत का खाता
शुरुआती झटकों के बाद भारतीय हॉकी टीम ने धीरे-धीरे मैच में अपनी पकड़ बनानी शुरू की। दूसरे क्वार्टर में भारत की वापसी हुई और ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ दीपिका ने 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-2 किया।
दीपिका ने भारत को दिलाई बराबरी
भारत ने दबाव बनाए रखा और 24वें मिनट में दीपिका ने फिर पेनल्टी कॉर्नर पर सटीक निशाना लगाते हुए अपना दूसरा गोल दाग दिया। इस गोल के साथ भारत ने स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया।
नवनीत कौर ने भारत को दिलाई बढ़त
इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार आक्रामक खेल जारी रखा। 28वें मिनट में नवनीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को पहली बार मुकाबले में बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारत 3-2 से आगे था।
दूसरे हाफ में भारत-अमेरिका में हुई कड़ी टक्कर
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अमेरिका और भारत दोनों को 6-6 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन बाकी बचे दो क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई।
पूल ए में दूसरे नंबर पर पहुंचा भारत
अंतिम मिनटों में भारतीय डिफेंस ने अमेरिकी हमलों को रोकते हुए बढ़त कायम रखी और टीम ने 3 अंक अपने नाम किए। इस जीत के साथ भारत पूल ए में 3 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया। जापान के भी 3 अंक हैं, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण वह शीर्ष पर है।
नेशंस कप क्यों है भारत के लिए अहम
टूर्नामेंट भारत के लिए इसलिए भी अहम है, क्योंकि नेशंस कप की विजेता टीम को एलीट प्रो लीग में प्रमोशन मिलेगा। भारतीय महिला हॉकी टीम पिछले सीजन प्रो लीग से बाहर हो गई थी। भारत का अगला मुकाबला 16 जून को जापान के खिलाफ होगा।
भारत बनाम अमेरिका मैच में अंतिम स्कोर लाइन
भारत 3-2 अमेरिका
भारत के गोल: दीपिका (17’, 24’), नवनीत कौर (28’)
अमेरिका के गोल: एश्ले सेसा (4’), मेडेलीन जिमर (7’)
