भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने 2 अक्टूबर को टीम को एशियन गेम्स में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जिताया और देश के 44 साल के इंतजार को खत्म किया। आठ दिन बाद जब वह झारखंड के सिमडेगा जिले में अपने गांव के लिए निकलीं, तो उन्होंने कई लोगों को मैसेज भेजकर बताया कि वह अपने मोबाइल फोन पर उपलब्ध नहीं रहेंगी।
सलीमा टेटे को हमेशा ऐसा करना पड़ता है, क्योंकि उनके गांव बड़की छप्पर में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं है। पिता टॉवर के लिए जमीन तक देने को कह चुके हैं, लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ है। पिथरा ग्राम पंचायत के तहत आने वाले गांव की रहने वाली टेटे ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि मोबाइल कनेक्टिविटी न होने की वजह से घर पर रहने के दौरान अधिकारियों, संगठनों और दूसरे लोगों के संपर्क में रहना उनके लिए मुश्किल होता है। उन्होंने कहा, ‘मुझे अक्सर लोगों को पहले ही बताना पड़ता है कि मेरा फोन नेटवर्क से बाहर रहेगा।’
पीने के पानी की सुविधा भी नहीं
टेटे ने सोमवार (12 अक्टूबर) को सिमडेगा की डिप्टी कमिश्नर कंचन सिंह को एक पत्र सौंपकर गांव में मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी और पीने के पानी की सुविधा की मांग की। उन्होंने अफसोस जताया कि गांव का नाम रोशन करने के बावजूद वहां अभी भी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। टेटे ने कहा, ‘इतने अहम पद पर होने के बावजूद मुझे लोगों से कहना पड़ता है कि इमरजेंसी की स्थिति में वे दूसरे लोगों से संपर्क करें।’
जरूरी ईमेल और मैसेज छूट जाते हैं
टेटे ने कहा, ‘यह मेरे लिए बहुत दुखद और भावुक करने वाला मामला है। आप इतने बड़े मंच पर खेलते हैं, भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं और आपके गांव में मोबाइल नेटवर्क तक नहीं है। मुझे निश्चित रूप से इसका दुख है।’ टेटे ने कहा कि इस समस्या के कारण उनसे अक्सर जरूरी ईमेल और मैसेज छूट जाते हैं।
मुखिया ने माना सुविधाओं की कमी एक चिंता का विषय
पिथरा ग्राम पंचायत के मुखिया अनिल उरांव ने माना कि सुविधाओं की कमी एक चिंता का विषय है। उरांव ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया,’टेटे उस गांव की रहने वाली हैं, जो मेरी पंचायत के अंतर्गत आता है। वह हमारे गांव, ब्लॉक, जिले, झारखंड राज्य और पूरे देश का नाम रोशन कर रही हैं, लेकिन यह दुख की बात है कि उनके अपने गांव में सुविधाओं की कमी है। यहां नेटवर्क की बहुत बड़ी समस्या है।’
पिता ने मोबाइल टावर के लिए जमीन देने की पेशकश भी की थी
ओरांव ने बताया कि उनकी पंचायत में एक मोबाइल टावर लगा है, लेकिन उसका कवरेज ‘बड़की छप्पर’ तक नहीं पहुंचता, जिससे वहां के लोग न तो फोन कॉल कर पाते हैं और न ही इंटरनेट का इस्तेमाल कर पाते हैं। ओरांव ने कहा, ‘यह टावर गांव के कवरेज एरिया से बाहर है। टेटे के पिता सुलक्ष्ण ने मोबाइल टावर लगाने के लिए जमीन देने की पेशकश भी की थी, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।’
आदिवासी समुदाय के साथ भेदभाव
ओरांव ने इलाके में सड़क की खराब हालत की ओर भी इशारा करते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से इलाके के और बच्चों को खेल में हिस्सा लेने के लिए बढ़ावा मिलेगा। आदिवासी समुदाय के लिए काम करने वालीं ऑगस्टिना सोरेंग ने टेटे के गांव का दौरा किया था। उन्होंने कहा, ‘ कप्तान बनने (2024 में) के बाद से टेटे लगातार प्रशासन के सामने यह मुद्दा उठा रही हैं। अगर हम उन्हें रात में कोई मैसेज भेजते हैं तो वह उसे अगली सुबह ही देख पाती हैं (ऐसे इलाके में जाने के बाद जहां थोड़ा सिग्नल मिलता है)।’ सोरेंग ने इसे आदिवासी समुदाय के साथ भेदभाव का मामला बताया।
भारतीय महिला टीम दूसरी बार जीती एशियाड गोल्ड
टेटे को 2024 में भारतीय महिला हॉकी टीम का कप्तान बनाया गया। जुलाई में हॉकी इंडिया ने उन्हें जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए कप्तान बनाए रखा, जहां भारत ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराया। इस जीत से भारत को महिला हॉकी में अपना दूसरा एशियाई खेलों का गोल्ड मेडल मिला, जो 1982 के बाद पहली बार था। इस जीत से टीम को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन भी मिल गया।
सिमडेगा जिला खेल अधिकारी को शिकायत की जानकारी नहीं
सिमडेगा जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि उन्हें इस खास शिकायत के बारे में जानकारी नहीं है। कुमार ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘सिमडेगा एक पहाड़ी इलाका है और कई जगहों पर नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या है। जिले में नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं (जिनमें बीएसएनएस से जुड़ी समस्याएं भी शामिल हैं) को देखने के लिए डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक कमिटी बनी हुई है। हमें यह देखना होगा कि क्या उनके गांव के पास कोई टावर है और इस समस्या के लिए क्या किया जा सकता है।’
खिलाड़ियों को सबसे अच्छी सुविधाएं देना चाहते हैं
मनोज कुमार ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों तक यह बात पहुंचाएंगे। उन्होंने ‘हम अपने खिलाड़ियों के लिए सबसे अच्छी सुविधाएं चाहते हैं।’ मोबाइल कनेक्टिविटी के बारे में डिप्टी कमिश्नर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन ने पहले भी कई बार केंद्र सरकार के साथ यह मुद्दा उठाया है, क्योंकि बीएसएनएल सेवाएं केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आती हैं। उन्होंने कहा, ‘यह गांव मोबाइल नेटवर्क कवरेज एरिया से थोड़ा बाहर है… हमने एक बैठक के दौरान इलाके के सांसद के सामने भी यह मुद्दा उठाया है।’
खूंटी के सांसद से नहीं हो सका संपर्क
खूंटी के सांसद काली चरण मुंडा से संपर्क नहीं हो सका। पीने के पानी के मुद्दे पर सिंह ने कहा, ‘हमने इस मामले पर विचार किया है और जरूरी सरकारी प्रक्रिया शुरू कर दी है।’ सिमडेगा के विधायक भूषण बारा ने कहा कि उन्हें इस मुद्दे के बारे में जानकारी नहीं थी। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘लेकिन अब जब मुझे जानकारी मिल गई है तो मैं व्यक्तिगत रूप से इस मामले को देखूंगा।’
भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को हरा 44 साल बाद जीता गोल्ड
भारतीय महिला हॉकी टीम ने बेहद कड़े मुकाबले में फाइनल में चीन को हरा दिया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम ने 44 साल के बाद सोना अपने नाम किया। पूरी खबर पढ़ें।
