भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (8 मार्च) को न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचा। भारतीय टीम बतौर मेजबान और डिफेंडिंग चैंपियन टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बनी। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली का भी रिएक्शन सामने आया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस विस्फोटक क्रिकेट का कोई जोड़ नहीं है।

विराट कोहली ने एक्स पर लिखा, ‘चैंपियंस! अहमदाबाद में टीम इंडिया की जबरदस्त जीत। पूरे टूर्नामेंट में हमने जो विस्फोटक क्रिकेट खेला, उसका कोई मुकाबला नहीं। मुश्किल हालात में लड़ते रहने और एक बार फिर वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। यह कामयाबी हासिल करने के लिए सभी खिलाड़ियों और मैनेजमेंट के सभी सदस्यों को बधाई। जय हिंद।’

रोहित शर्मा-विराट कोहली के दौर के बाद पहला आईसीसी टूर्नामेंट

भारतीय टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब इसलिए भी खास है क्योंकि रोहित शर्मा-विराट कोहली के दौर के बाद यह पहला आईसीसी टूर्नामेंट था। 2007 के बाद पहली बार ऐसा हुआ कि रोहित या विराट में से कोई खिलाड़ी किसी आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय टीम में नहीं था। रोहित-विराट के रहते भारतीय टीम ने 5 आईसीसी खिताब जीते हैं। वह वनडे क्रिकेट में अभी भी खेल रहे हैं और 2027 वर्ल्ड कप खेलने की पूरी उम्मीद है।

रोहित-विराट ने 2024 में चैंपियन बनने के बाद ले लिया था संन्यास

रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने 2024 में बारबडोस में भारत के दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। 2025 में दोनों ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। रोहित शर्मा को 2025 टी20 वर्ल्ड कप का ब्रांड अंबेसडर बनाया गया था। भारतीय टीम 2007 और 2024 के बाद 2026 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता।

यह भी पढ़ें: भारत ने रचा इतिहास, टी20 विश्व कप जीतने वाले पहला मेजबान बना, पहली बार किसी टीम ने बचाया खिताब